☰
×

भारत में जन्मे प्रनीत मेनन ने अमेरिकी राज्य वर्मोंट की प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीता

 

वाशिंगटन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भारत में जन्मे प्रनीत मेनन ने अमेरिका के वर्मोंट राज्य की प्रतिनिधि सभा की सीट जीत ली है। उन्होंने ऑरलियन्स-लामोइल के दो सदस्यीय निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव में सफलता हासिल की। खास बात यह है कि आम चुनाव के मतपत्र पर उनका नाम रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों ही दलों से जुड़ा हुआ था।

वर्मोंट विदेश सचिव के आंकड़ों को आधार बनाकर एफवाईआईवीटी की ओर से प्रकाशित चुनाव परिणामों के अनुसार, मेनन को 1,992 वोट मिले, जबकि उनके साथ चुनाव लड़ रहे मौजूदा विधायक मार्क हिग्ले को 2,815 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा, 43 वोट अन्य उम्मीदवारों के नाम लिखकर डाले गए।

हालांकि, इस चुनाव में हिग्ले से कम वोट मिलने के बावजूद मेनन की जीत हुई , क्योंकि इस निर्वाचन क्षेत्र से दो प्रतिनिधियों का चुनाव होता है इसलिए दोनों उम्मीदवारों को विधानसभा में जगह मिली है। चुनावी मतपत्र पर दोनों उम्मीदवारों के नाम के साथ रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक दोनों दलों की संबद्धता दर्ज थी।

वर्मोंट पब्लिक की प्राथमिक चुनाव संबंधी जानकारी के मुताबिक, मेनन ने रिपब्लिकन उम्मीदवार के तौर पर चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। बाद में मतपत्र पर दोनों प्रमुख दलों की संबद्धता दर्ज होने का अर्थ यह नहीं है कि उन्होंने अपना राजनीतिक दल बदल लिया था।

मेनन के चुनाव प्रचार का मुख्य जोर ग्रामीण क्षेत्र में परिवारों पर बढ़ते आर्थिक बोझ, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार की चुनौतियों पर रहा। उन्होंने संपत्ति कर, बिजली-पानी के बिल और अन्य घरेलू खर्चों की समीक्षा के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत बताई थी।

रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन देने, व्यावसायिक प्रशिक्षण, बाल देखभाल सुविधाओं और ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी के विस्तार की वकालत की। आवास के क्षेत्र में उन्होंने निर्माण संबंधी मंजूरी की प्रक्रिया आसान बनाने और बुनियादी ढांचे में निवेश के जरिए सालभर रहने योग्य मकानों की उपलब्धता बढ़ाने का प्रस्ताव रखा।

उनके शिक्षा संबंधी एजेंडे में कक्षाओं के लिए बेहतर संसाधन, स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने का अधिकार और बिना अतिरिक्त वित्तीय सहायता के नई जिम्मेदारियां थोपने का विरोध शामिल था। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए उन्होंने टेलीहेल्थ का विस्तार और मानसिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की बात कही।

उनके चुनाव अभियान का नारा था, 'जिम्मेदार प्रबंधन, व्यावहारिक कार्रवाई।'

मेनन की चुनावी वेबसाइट पर उपलब्ध जीवनी के अनुसार, उन्होंने निजी क्षेत्र में विमानन और रक्षा परियोजनाओं पर काम किया है। इसमें अमेरिकी वायुसेना और थलसेना से जुड़े ठेके भी शामिल रहे हैं। वेबसाइट के मुताबिक, वह प्रमाणित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर भी बने और उन्होंने एक छोटी सॉफ्टवेयर कंपनी की स्थापना की।

भारत में जन्मे और पले-बढ़े मेनन 16 वर्ष की उम्र में अमेरिका चले गए थे। उन्होंने रेंसलेर पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट से एयरोनॉटिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ वर्मोंट से मास्टर डिग्री हासिल की।

उनकी वेबसाइट के अनुसार, करीब एक दशक तक दूसरे स्थानों पर रहने के बाद महामारी के दौरान उनका परिवार कॉवेंट्री में आकर बस गया। स्थानीय स्तर पर भी वह सक्रिय रहे हैं। उन्होंने नगर की योजना आयोग और वित्त समिति में काम किया है। इसके अलावा स्कूल बोर्ड और सुपरवाइजरी यूनियन के नेतृत्व से भी जुड़े रहे हैं।

भारत में जन्मे मेनन की अमेरिकी राज्य विधानसभा तक पहुंच भारतीय मूल के उन लोगों की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी को भी रेखांकित करती है, जो अमेरिका में स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर सार्वजनिक जीवन में अपनी जगह बना रहे हैं।

--आईएएनएस

केआर/