×

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में व्यापक सुधार की जरूरत : भारत

 

न्यूयॉर्क, 22 सितंबर (आईएएनएस)। न्यूयॉर्क में फ्रांस और मेक्सिको के विदेश मंत्रियों की ओर से आयोजित 'फ्रांस-मेक्सिको पहल' से जुड़े कार्यक्रम में विदेश मंत्रालय (एमईए) में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने ह‍िस्‍सा ल‍िया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में व्यापक सुधार की जरूरत पर जोर दिया।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्ट में ल‍िखा, "सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने आज न्यूयॉर्क में फ्रांस और मेक्सिको के विदेश मंत्रियों की ओर से आयोजित 'फ्रांस-मेक्सिको पहल' से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने वीटो को लेकर भारत के लंबे समय से चले आ रहे और लगातार एक जैसे रुख पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में जल्द व्यापक सुधार किए जाने की जरूरत भी बताई।"

इससे पहले 11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी दुनिया में कई शक्ति केंद्रों यानी बहुध्रुवीय व्यवस्था की अहमियत पर जोर दिया था। दोनों नेताओं ने कहा था कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद समेत दूसरी बहुपक्षीय संस्थाओं में ऐसे सुधार की जरूरत है, जिससे वे आज की दुनिया की वास्तविक स्थिति को बेहतर तरीके से दिखा सकें।

नई दिल्ली में ब्र‍िक्‍स समिट के दौरान हुई अपनी बैठक में पीएम मोदी और गुटेरेस ने कई मुद्दों पर बात की। इनमें दुनिया में चल रहे संघर्ष, समुद्री रास्तों पर आवाजाही की आजादी, टिकाऊ विकास, इंसानों को केंद्र में रखने वाली एआई, रिन्यूएबल एनर्जी में हुई प्रगति और वैश्विक खाद्य सुरक्षा शामिल थे।

बैठक के बाद पीएम मोदी ने 'एक्‍स' पर लिखा, "संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ बहुत अच्छी बैठक हुई। हमने कई मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें भारत की ब्र‍िक्‍स अध्यक्षता के दौरान हुई प्रगति, बहुपक्षीय व्यवस्था को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता और संयुक्त राष्ट्र में जल्द सुधार की जरूरत शामिल है।"

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, गुटेरेस ने चौथी बार ब्र‍िक्‍स की अध्यक्षता करने के लिए भारत और प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी।

एमईए ने अपने बयान में कहा, "दोनों नेताओं ने बहुध्रुवीय व्यवस्था की अहमियत और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद समेत बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया, ताकि ये संस्थाएं आज की दुनिया की वास्तविकताओं को बेहतर तरीके से दिखा सकें। प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस को उनके बाकी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।"

संयुक्त राष्ट्र महासचिव के कार्यालय की ओर से जारी बैठक के ब्योरे में कहा गया कि गुटेरेस ने संयुक्त राष्ट्र के साथ भारत के करीबी सहयोग की सराहना की। महासचिव और प्रधानमंत्री ने ब्र‍िक्‍स में भारत की अध्यक्षता की प्राथमिकताओं पर चर्चा की। इसमें ऐसी बहुपक्षीय संस्थाओं की जरूरत भी शामिल थी, जो 21वीं सदी की दुनिया की वास्तविकताओं को साफ तौर पर दिखा सकें।"

बयान के मुताबिक, गुटेरेस और पीएम मोदी ने मध्य पूर्व और यूक्रेन में चल रहे संघर्षों पर भी विस्तार से चर्चा की।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम