×

भारतीय राजदूत अमित नारंग की स्लोवेनियाई विदेश मंत्री से मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा

 

लुब्लियाना, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के राजदूत अमित नारंग ने स्लोवेनिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री टोने काजर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों में भारत-स्लोवेनिया के बीच चल रहे सहयोग और आपसी संबंधों को लेकर कई अहम मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई।

लुब्लियाना स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "राजदूत अमित नारंग को स्लोवेनिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्रालय में मंत्री टोने काजर से मिलने का सम्मान मिला। इस दौरान उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ओर से भेजा गया बधाई संदेश भी मंत्री को सौंपा।"

दूतावास ने कहा, "बैठक में दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद गर्मजोशी भरे और दोस्ताना रिश्तों को आगे बढ़ाकर भविष्य में एक मजबूत और दोनों के लिए फायदेमंद साझेदारी बनाने के लिए ठोस कदमों पर अच्छी और व्यापक चर्चा हुई।"

पिछले महीने भारत सरकार में सचिव (पश्चिम) और राजदूत सिबी जॉर्ज ने नई दिल्ली में स्लोवेनिया के दूतावास में आयोजित उस देश के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने 'एक्स' पर लिखा, "सचिव (पश्चिम) राजदूत सिबी जॉर्ज ने स्लोवेनिया के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने भारत और स्लोवेनिया के लंबे समय से चले आ रहे रिश्तों को और मजबूत करने तथा आपसी रुचि के नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सीमा पार से होने वाले आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में स्लोवेनिया के लगातार मिले समर्थन की भी सराहना की।"

इससे पहले पिछले महीने विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने टोने काजर को स्लोवेनिया का विदेश मंत्री बनने पर बधाई दी थी और साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई थी।

उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "स्लोवेनिया के विदेश मंत्री नियुक्त होने पर टोने काजर को हार्दिक बधाई। मैं उनके साथ मिलकर काम करने का इंतजार कर रहा हूं।"

मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनेज जानसा को स्लोवेनिया का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि वह दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम करने के इच्छुक हैं।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम