×

राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप, कई जिलों में अगले दो दिन लू का अलर्ट जारी

 

जयपुर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि राजस्थान के कई जिलों में अगले दो दिनों तक लू की स्थिति बनेगी रहेगी। हालांकि, इसके बाद मौसम में बदलाव आने से राहत मिलने की संभावनाएं हैं।

मौसम विभाग ने अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली और बीकानेर समेत कई जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, राजस्थान को अभी दो और दिनों तक (25-26 अप्रैल) भीषण लू का सामना करना पड़ेगा।

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 25 और 26 अप्रैल को पूरे राज्य में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। इस दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि होने की संभावना है। राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में भी लू की स्थिति बनी रहेगी, जहां कुछ इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।

इसके बाद तूफान और हल्की बारिश से मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार, राज्य में एक 'पश्चिमी विक्षोभ' सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते लगभग 16 जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ तूफान और हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार को सीकर, चूरू, झुंझुनू और नागौर के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ तूफान और हल्की बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान, राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। कम से कम 24 शहरों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिसमें बाड़मेर 44.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। जयपुर में भी इस मौसम का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।

अलवर में प्रशासन ने गर्मी से राहत दिलाने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव करने जैसे उपाय किए, ताकि सतह का तापमान कम हो सके और निवासियों को कुछ देर के लिए राहत मिल सके।

शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। चूरू, हनुमानगढ़, झुंझुनू और बीकानेर के ऊपर बादल छा गए और शाम के समय धूल भरी हवाएं चलीं। हनुमानगढ़ के कुछ अलग-थलग इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई।

हालांकि, गर्मी से राहत नहीं मिली और मौसम असहज बना रहा। हनुमानगढ़ में रात का तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम की सबसे गर्म रात थी। अजमेर, टोंक, करौली, दौसा, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, जालौर और पाली सहित कई शहरों में इस मौसम का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया।

--आईएएनएस

डीसीएच/