×

एमपी में जमीन सौदे के आरोपों पर सियासत तेज, भाजपा ने सीएम मोहन यादव का किया बचाव

 

भोपाल, 24 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री और भाजपा नेता राकेश सिंह ने बुधवार को कहा कि यदि किसी संपत्ति या जमीन लेनदेन में गड़बड़ी के सबूत हैं तो जांच पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

उनकी यह टिप्पणी मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके परिवार के सदस्यों पर लगे जमीन खरीद से जुड़े आरोपों को लेकर बढ़ते राजनीतिक विवाद के बीच आई है। कांग्रेस ने इस मामले में न्यायिक जांच की मांग की है, जबकि भाजपा ने मुख्यमंत्री का समर्थन किया है।

जबलपुर में पत्रकारों से बात करते हुए राकेश सिंह ने संतुलित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि गलत तरीके से संपत्ति अर्जित की गई है तो वह सामने आनी चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह इस मुद्दे को राजनीतिक अभियान में बदलने की कोशिश कर रही है। मंत्री ने कहा कि इसे सिर्फ बदनामी या गलत प्रचार के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि तथ्यों को जनता के सामने रखा जाना चाहिए।

यह विवाद पिछले दो दिनों से तेज हो गया है, जिसमें मध्य प्रदेश कांग्रेस ने पहले भोपाल और फिर दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में इस मुद्दे को उठाया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मामला एक मौजूदा मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों से जुड़ा है, इसलिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।

भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि यह विपक्ष का राजनीतिक रूप से प्रेरित अभियान है, जिसका उद्देश्य मुख्यमंत्री की छवि खराब करना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मंगलवार रात एक वीडियो संदेश जारी कर आरोपों को भ्रामक बताया और मुख्यमंत्री का बचाव किया।

बुधवार को कई मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता भी मुख्यमंत्री के समर्थन में सामने आए। हालांकि, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अब तक इस विवाद पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है।

बता दें कि आरोप है कि सीएम के परिजनों ने उन जगहों पर बड़े पैमाने पर जमीन खरीदी है, जहां कई सरकारी योजनाओं को मंजूरी मिली है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी