कांग्रेस का सवाल, ' सबरीमाला स्वर्ण चोरी मामले का सुभाष कपूर कौन?'
तिरुवनंतपुरम, 11 नवंबर (आईएएनएस)। सबरीमाला स्वर्ण चोरी मामले में कोर्ट ने अपनी टिप्पणी में एक नाम का जिक्र किया। कांग्रेस ने इसी को लेकर कुछ सवाल प्रदेश सरकार से पूछ डाला। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक पी.सी. विष्णुनाथ ने मंगलवार को पूछा कि आखिर स्वर्ण चोरी मामले का सुभाष कपूर कौन है?
विष्णुनाथ ने कहा, "केरल हाई कोर्ट ने सबरीमाला स्वर्ण चोरी और कुख्यात मूर्ति तस्कर सुभाष कपूर की हेराफेरी के बीच समानताओं की बात की। इसलिए यह पता लगाना जरूरी है कि सबरीमाला का सुभाष कपूर कौन है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि जांच का दायरा सीमित है। ये अब तक सिर्फ कुछ अधिकारियों तक ही पहुंची है, जबकि देवास्वोम बोर्ड के अध्यक्ष के. जयकुमार, इसके सदस्यों और मंत्री वी.एन. वासवन से जुड़ा बड़ा संगठित नेटवर्क अभी भी अछूता है।
इत्तेफाक से, विष्णुनाथ की मीडिया ब्रीफिंग खत्म होने के तुरंत बाद यह खबर आई कि सबरीमाला सोने की चोरी की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पूर्व देवास्वोम बोर्ड कमिश्नर और अध्यक्ष एन. वासु को गिरफ्तार कर लिया है।
विष्णुनाथ के अनुसार हाई कोर्ट ने अपने फैसले में साफतौर पर माना है कि यह पूरी हेराफेरी देवास्वोम बोर्ड और मंत्री वासवन की मिलीभगत का नतीजा है।
उन्होंने तिरुवाभरणम कमिश्नर के.एस. बैजू के 3 सितंबर, 2024 को देवास्वोम सचिव के. जयकुमार को भेजे गए एक पत्र का भी जिक्र किया। इस चिट्ठी में 'द्वारपालक' (द्वार रक्षक) मूर्तियों को पहुंचे नुकसान के बारे में बताया गया था और तुरंत मरम्मत का अनुरोध किया गया था।
विष्णुनाथ ने आरोप लगाया, "उस समय का देवास्वोम बोर्ड और मंत्री सीधे तौर पर सोने की चोरी में शामिल थे।"
कांग्रेस का आरोप है कि पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार राजनीतिक कनेक्शन वाले लोगों को बचाने की कोशिश में जुटी है। पार्टी ने बुधवार को राज्य सचिवालय के सामने एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है, जिसमें सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और मौजूदा देवास्वोम मंत्री वासवन के इस्तीफे की मांग की जा रही है।
बताया जा रहा है कि विरोध प्रदर्शन में एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, केपीसीसी अध्यक्ष सन्नी जोसेफ, विपक्ष के नेता वी.डी. सतीसन, एआईसीसी नेता दीपा दास मुंशी, रमेश चेन्निथला, कोडिकुन्निल सुरेश और यूडीएफ संयोजक अडूर प्रकाश शामिल होंगे।
--आईएएनएस
केआर/