☰
×

तमिलनाडु: नाव से 77 किलो गांजा जब्त, दो लोग गिरफ्तार

 

कोलकाता, 23 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु तट के पास पंबन में भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने सीमा शुल्क अधिकारियों के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने एक नाव को पकड़ा, जिसमें दो लोग सवार थे और लगभग 77 किलोग्राम गांजा जब्त किया।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर मंडपम स्थित इंडियन कोस्ट गार्ड (आईसीजी) स्टेशन के कर्मियों ने तिरुचिरापल्ली की कस्टम सेंट्रल इंटेलिजेंस यूनिट (सीआईयू) के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

आईसीजी ने एक बयान में कहा, "जब्त किए गए प्रतिबंधित सामान, नाव और चालक दल के सदस्यों को मंडपम लाया गया और कानूनी कार्रवाई के लिए सीआईयू को सौंप दिया गया। यह सफल अभियान समुद्री क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों को रोकने और भारत के समुद्री जलक्षेत्र को सुरक्षित रखने के प्रति आईसीजी के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।"

यह जब्ती तमिलनाडु तट पर समुद्री सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियानों की श्रृंखला में सबसे हालिया कार्रवाई है।

19 दिसंबर 2025 को आईसीजी स्टेशन मंडपम और सीआईयू तिरुचिरापल्ली की एक संयुक्त टीम ने पंबन तट के पास मिली एक संदिग्ध मछली पकड़ने वाली नाव की तलाशी ली। नाव का चालक दल वहां से भाग गया था। तलाशी के दौरान 9.56 किलोग्राम हशीश ऑयल बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 9 करोड़ रुपए थी।

इससे पहले, 11 और 12 अक्टूबर 2025 को आईसीजी मंडपम ने कोस्टल सिक्योरिटी ग्रुप (सीएसजी) और कस्टम विभाग के साथ मिलकर मोरेपन्नई, थिरुपलाईकुडी और मुल्लीमुनई के पास संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 1.1 करोड़ रुपए मूल्य का 55 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था।

मार्च 2025 में डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर आईसीजी ने कन्याकुमारी के पास एक टग और एक डंब बार्ज (बिना इंजन वाली नाव) को रोका था। इसमें चालक दल के नौ सदस्य सवार थे। इस कार्रवाई में 32.94 करोड़ रुपए मूल्य का 29.95 किलोग्राम हशीश ऑयल, 10 मोबाइल फोन और एक सैटेलाइट फोन जब्त किया गया था।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम