×

रूस-यूक्रेन संघर्ष: जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र पर ड्रोन हमले से आईएईए चिंतित

 

वियना, 31 मई (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र (जेडएनपीपी) के टरबाइन भवन पर कथित ड्रोन हमले को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने चेतावनी दी कि परमाणु केंद्रों पर हमले करना 'आग से खेलने' जैसा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर एक पोस्ट में इस घटना का खुलासा करते हुए आईएईए ने बताया कि उसे जेडएनपीपी की तरफ से जानकारी दी गई कि दिन में पहले एक ड्रोन ने संयंत्र के टरबाइन भवन को निशाना बनाया। बताया गया है कि इस हमले से भवन की एक दीवार में छेद हो गया।

ग्रॉसी ने कहा, "किसी भी परमाणु केंद्र से या उसके खिलाफ किसी भी तरह का हमला नहीं होना चाहिए।"

उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील दोहराई ताकि परमाणु सुरक्षा और संरक्षा को खतरा न हो।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने बताया कि संयंत्र में मौजूद आईएईए की टीम ने प्रभावित टरबाइन भवन तक पहुंचने की अनुमति मांगी है, ताकि नुकसान का मौके पर जाकर आकलन किया जा सके।

आईएईए के अनुसार, अप्रैल 2024 के बाद यह पहली बार होगा जब जेडएनपीपी परिसर के अंदर किसी ड्रोन हमले की खबर सामने आई है।

जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र यूरोप के सबसे बड़े परमाणु बिजली संयंत्रों में से एक है। मार्च 2022 से यह रूस के नियंत्रण में है। रूस-यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद से आईएईए कई बार चेतावनी दे चुका है कि इस इलाके में सैन्य गतिविधियां परमाणु सुरक्षा के लिए बड़ा जोखिम पैदा कर सकती हैं। एजेंसी लगातार परमाणु ढांचे की सुरक्षा की मांग करती रही है।

रूस की सरकारी परमाणु कंपनी रोसाटॉम ने शनिवार को कहा कि एक यूक्रेनी ड्रोन ने जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र पर हमला किया, हालांकि महत्वपूर्ण उपकरणों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

बताया गया कि यूक्रेनी ड्रोन ने संयंत्र की यूनिट 6 के टरबाइन सेक्शन को निशाना बनाया और शनिवार को वहां विस्फोट हुआ। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी को इस घटना की जानकारी दे दी गई।

संयंत्र ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा, "परमाणु केंद्रों पर ऐसे हमले बेहद गैर-जिम्मेदाराना हैं और परमाणु सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। किसी परमाणु संयंत्र के बुनियादी ढांचे पर हमला अप्रत्याशित परिणाम ला सकता है और पूरे क्षेत्र की सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है।"

संयंत्र ने यह भी बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही कोई बड़ा नुकसान हुआ।

रोसाटॉम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलेक्सी लिखाचेव ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी परमाणु संयंत्र के महत्वपूर्ण उपकरणों को जानबूझकर निशाना बनाया गया, जिससे विस्फोट हुआ और टरबाइन सेक्शन की संरचना को नुकसान पहुंचा।

--आईएएनएस

एवाई/एएस