×

हुंडई मोटर इंडिया ने जून से गाड़ियों की कीमतों को 12,800 रुपए तक बढ़ाने का ऐलान किया

 

नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। हुंडई मोटर इंडिया ने बुधवार को जून से अपने वाहनों की कीमतों में 12,800 रुपए तक बढ़ाने का ऐलान किया। कंपनी ने इसकी वजह कच्चे माल की बढ़ती लागत, वस्तुओं की ऊंची कीमतों और परिचालन खर्चों में वृद्धि को बताया।

कंपनी ने कहा कि कीमतों में वृद्धि की मात्रा मॉडल और वेरिएंट के आधार पर अलग-अलग होगी।

कंपनी ने एक नियामक फाइलिंग में कहा,"हुंडई कारों की कीमतों में वृद्धि के संबंध में 8 अप्रैल, 2026 को प्रस्तुत किए गए हमारे पूर्व पत्र के क्रम में, बाजार की मौजूदा स्थितियों को ध्यान में रखते हुए और ग्राहकों के हितों के प्रति संतुलित दृष्टिकोण सुनिश्चित करने के लिए, हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि नई कीमतें अब 1 जून, 2026 से प्रभावी होंगी।"

कंपनी ने कहा कि बढ़ती इनपुट लागत, वस्तुओं की बढ़ती कीमतों और उच्च परिचालन खर्चों सहित अन्य कारणों से कीमतों में वृद्धि आवश्यक हो गई है।

हालांकि, कंपनी लागत को कम करने और ग्राहकों पर पड़ने वाले प्रभाव को न्यूनतम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन उसे बढ़ी हुई लागत का एक हिस्सा "मामूली" मूल्य वृद्धि के माध्यम से बाजार में डालना पड़ रहा है।

कंपनी ने बताया कि संशोधित कीमतें 1 जून से हुंडई के सभी मॉडलों पर लागू होंगी।

इससे पहले, एक अन्य प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी, मारुति सुजुकी इंडिया ने भी इसी महीने से 30,000 रुपए तक की मूल्य वृद्धि की घोषणा की थी।

नियामक फाइलिंग में कंपनी ने कहा, "इनपुट लागत में लगातार वृद्धि को देखते हुए, कंपनी ने जून 2026 से अपने सभी मॉडलों की कीमतों में 30,000 रुपए तक की वृद्धि करने का निर्णय लिया है।"

इसके अलावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा (एम एंड एम) ने अप्रैल में अपने एसयूवी और वाणिज्यिक वाहनों की कीमतों में वृद्धि की थी।

सत्र के दौरान हुंडई मोटर इंडिया के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर 1.65 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 1915 रुपए पर कारोबार कर रहे थे।

--आईएएनएस

एबीएस/