×

हैदराबाद पुलिस ने यौन उत्पीड़न के मामले में ट्रेनी आईपीएस को हिरासत में लिया

 

हैदराबाद, 28 जुलाई (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने मंगलवार को ट्रेनी आईपीएस अधिकारी एम. उदय कृष्ण रेड्डी को हिरासत में ले लिया। उन पर सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस एकेडमी में अपनी ही बैच की एक महिला साथी के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप है।

पुलिस आरोपी को अट्टापुर पुलिस स्टेशन ले गई, जहां 19 जुलाई को शिकायत दर्ज की गई थी।

जांच के दौरान उदय कृष्ण रेड्डी ने जो दो पते दिए थे, जब पुलिस वहां नोटिस देने गई तो वह नहीं मिला। उसका मोबाइल भी बंद था।

पुलिस ने उसे खोजने के लिए चार टीमें बनाई थीं। हालांकि, आरोपी ट्रेनी ऑफिसर ने इस बात से इनकार किया कि वह भाग रहा था।

उसने बताया कि वह अपने पैतृक गांव, आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के उल्लापालेम गया था। वह अपनी दादी से मिलने गया था क्योंकि उस पर लगे आरोपों के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई थी।

उदय कृष्ण रेड्डी ने दिन में एक मीडिया चैनल को बताया था कि वह हैदराबाद जा रहा है और जांच अधिकारियों का सहयोग करेगा।

उसने फिर से कहा कि उस पर लगे आरोप झूठे हैं और उसे भरोसा है कि वह अपनी बेगुनाही साबित कर देगा।

पिछले हफ्ते, उसने एफआईआर रद्द करने के आदेश के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उसने कहा कि उसके खिलाफ एफआईआर झूठे आरोपों के आधार पर दर्ज की गई थी।

एक 30 वर्षीय महिला ट्रेनी ऑफिसर ने आरोप लगाया कि रेड्डी ने 23 जून से 10 जुलाई के बीच अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान उसे परेशान किया।

उसने आरोप लगाया कि रेड्डी ने उसे अभद्र मैसेज भेजे, उसे आपराधिक धमकी दी, उसका प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड किया और उसके पति को भेज दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि रेड्डी उसका मोबाइल फोन अपने कमरे में ले गया, उससे पासवर्ड बताने के लिए मजबूर किया और पर्सनल मैसेज बताने के लिए उसे ब्लैकमेल किया।

उसकी शिकायत के आधार पर, अट्टापुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इसके साथ ही आईटी एक्ट की धारा 66ई (प्राइवेसी का उल्लंघन) और 67ए के तहत भी मामला दर्ज किया गया।

आरोप है कि रेड्डी ने 21 जुलाई को हैदराबाद में एक रिश्तेदार के घर पर आत्महत्या की कोशिश की थी। उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के लिए भेजे गए सैंपल में शराब की ज्यादा मात्रा का पता चला। शक है कि बहुत ज्यादा शराब पीने की वजह से वह बेहोश हो गए थे।

रेड्डी ने हाथ से लिखे एक कथित सुसाइड नोट में दावा किया कि वह और महिला ट्रेनी अफसर एक साल से रिलेशनशिप में थे।

उन्होंने चार लोगों का जिक्र किया, जिनमें वह महिला और उसका पति भी शामिल थे।

उन्होंने दावा किया कि वे जून 2025 से रिलेशनशिप में थे और महिला की शादी के बाद भी उनके बीच शारीरिक और भावनात्मक संबंध बने रहे।

जबरदस्ती या दबाव के आरोपों को नकारते हुए, रेड्डी ने यह भी दावा किया कि उनके पास फोटो और वीडियो के रूप में सबूत हैं, जिनसे साबित होता है कि उनका रिश्ता आपसी सहमति से था।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम