अमित शाह भारत-बांग्लादेश सीमा सुरक्षा की समीक्षा के लिए त्रिपुरा का दौरा करेंगे
अगरतला, 2 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4-5 जून को त्रिपुरा का दौरा करेंगे। इस दौरान वह भारत-बांग्लादेश सीमा पर विभिन्न चुनौतियों से निपटने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और अन्य एजेंसियों की तैयारियों का जायजा लेंगे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 4 जून को मेघालय की राजधानी शिलांग में नॉर्थ ईस्टर्न काउंसिल (एनईसी) के 73वें पूर्ण सत्र की अध्यक्षता करने के बाद, गृह मंत्री शाह गुरुवार शाम को अगरतला पहुंचेंगे।
अधिकारी ने कहा कि त्रिपुरा प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भारत-बांग्लादेश सीमा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा के लिए बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक करेंगे।
बैठक से पहले वे पश्चिम त्रिपुरा जिले में सीमा के कुछ चुनिंदा स्थानों का दौरा कर वहां की मौजूदा स्थिति का स्वयं जायजा लेंगे।
बांग्लादेश सीमा के दौरे के दौरान गृह मंत्री शाह कुछ बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। पौधरोपण अभियान में हिस्सा लेंगे और एक सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे।
गृह मंत्री एक होटल परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे और उसके भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगे। इस परियोजना को त्रिपुरा सरकार और एक निजी संस्था मिलकर विकसित करेंगे।
त्रिपुरा सरकार, बीएसएफ और पश्चिम त्रिपुरा जिला प्रशासन, गृह मंत्री के राज्य के दो-दिवसीय दौरे के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां कर रहे हैं।
त्रिपुरा भारत का एक राज्य है, जो बांग्लादेश के साथ बहुत लंबी सीमा (856 किलोमीटर) साझा करता है। यह राज्य तीन तरफ से बांग्लादेश से घिरा हुआ है, इसलिए यहां सुरक्षा की दृष्टि से काफी संवेदनशील स्थिति है। लगभग 21 किलोमीटर के दुर्गम इलाके को छोड़कर, अंतरराष्ट्रीय सीमा के अधिकांश हिस्से पर बाड़ लगा दी गई है, ताकि तस्करी, घुसपैठ, सीमापार अपराधों और अन्य शत्रुतापूर्ण तत्वों की आवाजाही को रोका जा सके।
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जून-जुलाई 2024 में बांग्लादेश में अशांति फैलने के बाद से, विशेष रूप से 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के गिरने के बाद से, अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी और चौकसी काफी बढ़ा दी गई है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम