गृह मंत्री शाह ने अहमदाबाद में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित लड़कियों के साथ मनाया रक्षाबंधन
गांधीनगर, 28 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को अहमदाबाद में अपने संसदीय क्षेत्र की टाइप-1 डायबिटीजसे पीड़ित लड़कियों के साथ रक्षाबंधन मनाया। इस मौके पर लड़कियों ने उन्हें राखी बांधी।
गृह मंत्री अमित शाह ने लड़कियों को रक्षाबंधन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरें भी शेयर कीं।
अमित शाह ने लिखा, "आज अहमदाबाद में अपने संसदीय क्षेत्र की टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बेटियों के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया। टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को जीवनभर इंसुलिन के इंजेक्शन की आवश्यकता होती है, जो उनके परिवारों पर बड़ा आर्थिक बोझ डालता है। मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार की ओर से ऐसे सभी बच्चों को आजीवन निःशुल्क इंसुलिन उपलब्ध कराई जा रही है।"
उन्होंने आगे लिखा, "यह दूरदर्शी पहल, जिसे कई विकसित देश भी अभी लागू करने के लिए प्रयासरत हैं, मोदी सरकार की 'सेवा, संवेदना और सुरक्षा' के सिद्धांतों के प्रति कटिबद्धता का प्रमाण है।"
ये लड़कियां गृह मंत्री अमित शाह से गांधीनगर संसदीय क्षेत्र में शुरू की गई एक पहल के तहत मिलीं। इस पहल का मकसद 18 साल तक की उम्र के उन बच्चों को मुफ्त इंसुलिन उपलब्ध कराना है, जिन्हें टाइप-1 डायबिटीज है।
यह पहल 'राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) 2.0' के तहत बच्चों में डायबिटीज मेलिटस के लिए 30 अप्रैल को जारी दिशानिर्देशों के आधार पर शुरू की गई थी। गांधीनगर में 18 साल की उम्र तक के बच्चों को जीवन भर मुफ्त इंसुलिन देने के लिए एक इंटीग्रेटेड सिस्टम बनाया गया है, जिसमें स्क्रीनिंग, जांच, इंसुलिन और इलाज, मॉनिटरिंग और फॉलो-अप शामिल हैं।
इससे पहले, अमित शाह ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, "समस्त देशवासियों को भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास को समर्पित 'रक्षाबंधन' के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।"
--आईएएनएस
डीसीएच/