असम : हिमंता सरमा ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी रहेंगे मौजूद
गुवाहाटी, 10 मई (आईएएनएस)। हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार को असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की और राज्य में भाजपा की अगुवाई वाली नई एनडीए सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राज्यपाल बहुत जल्द हिमंता बिस्वा सरमा को अगली सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में असम सरकार समर्पित भाव से कार्य करेगी।
जेपी नड्डा ने कहा कि असम के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह पहले भी किया गया है और आगे भी किया जाएगा। असम की जनता से जो वादे किए गए थे, उन्हें पूरा किया गया और जो नहीं कहा गया था, वह भी किया गया। अब जो कहा गया है, उससे कहीं अधिक पीएम मोदी के नेतृत्व में किया जाएगा।
असम में हिमंता बिस्वा सरमा के विधायक दल का नेता चुने जाने पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें बधाई दी।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि असम भाजपा एवं एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर हिमंता बिस्वा सरमा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
उन्होंने लिखा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में असम प्रगति, सुशासन और आत्मनिर्भरता की राह पर निरंतर आगे बढ़ते हुए राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा। नितिन नवीन ने लिखा कि सरमा के सफल एवं यशस्वी कार्यकाल के लिए पुनः हार्दिक शुभकामनाएं।
बता दें कि इससे पहले जेपी नड्डा ने गुवाहाटी में भाजपा राज्य मुख्यालय में आयोजित एक बैठक में सरमा के नाम की आधिकारिक घोषणा भाजपा विधायक दल के नेता और एनडीए नेता के रूप में की। इसके साथ ही, सरमा लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, जबकि भाजपा की अगुवाई में एनडीए लगातार तीसरी बार पूर्वोत्तर राज्य में सरकार बनाएगा।
असम की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को गुवाहाटी के खानापारा वेटेरिनरी कॉलेज के खेल मैदान में होगा।
--आईएएनएस
एसडी/एएस