☰
×

सीएम हिमंता सरमा ने दिल्ली में नए असम हाउस का किया उद्घाटन, 100 कमरों वाले चौथे भवन की घोषणा की

 

गुवाहाटी, 23 नवंबर (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को दिल्ली के द्वारका में नवनिर्मित 'असम हाउस' का उद्घाटन किया। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में एक चौथा 'असम भवन' बनाने की भी घोषणा की, जिसमें 100 कमरे, एक 'नामघर' और एक कन्वेंशन सेंटर होगा।

द्वारका के सेक्टर 13 में स्थित इस नई सुविधा का निर्माण लगभग 1,000 वर्ग मीटर जमीन पर 22 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसमें 21 गेस्ट रूम, दो वीआईपी सुइट, दो डॉर्मिटरी, एक कॉन्फ्रेंस रूम और एक रेस्तरां है।

उद्घाटन के मौके पर बोलते हुए सीएम सरमा ने कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधा राष्ट्रीय राजधानी में असम की पहचान को मजबूत करेगी। साथ ही, यह असम से दिल्ली आने वाले उन लोगों को बेहतर ठहरने की जगह उपलब्ध कराएगी, जो यहां आधिकारिक, शैक्षिक या अन्य कार्यों से आते हैं।

उन्होंने कहा कि नया 'असम हाउस' विशेष रूप से असम के उन छात्रों और युवाओं के लिए फायदेमंद होगा, जिन्हें लंबे समय तक दिल्ली में रुकना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव रवि कोटा को निर्देश दिया कि वे इस नई सुविधा और दिल्ली में पहले से मौजूद 'असम भवन' और 'असम हाउस' के बीच बस सेवा शुरू करने की व्यवस्था करें। प्रस्तावित बस सेवा रोजाना सुबह 9 बजे द्वारका से चलेगी और शाम 5 बजे वापस आएगी। उम्मीद है कि यह सेवा दो से तीन महीनों के भीतर शुरू हो जाएगी।

एक और बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना की घोषणा करते हुए सीएम सरमा ने बताया कि द्वारका के सेक्टर 17 में एक एकड़ से ज्यादा जमीन पर चौथा 'असम भवन' बनाया जाएगा। इसका निर्माण अगले साल फरवरी में शुरू होने की योजना है और इसे दो साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। इस नई इमारत में 100 बड़े कमरे होंगे, साथ ही एक कन्वेंशन सेंटर भी होगा, जहां असम के लोग शादियां और अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे।

इस परिसर में एक 'नामघर' (असमिया लोगों का पारंपरिक पूजा स्थल) भी होगा। सरमा ने बताया कि सरदार पटेल मार्ग स्थित 'असम भवन' का पुनर्विकास कार्य पूरा होने वाला है और चालू वित्त वर्ष के भीतर इसका उद्घाटन कर दिया जाएगा। उन्होंने मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और वेल्लोर जैसे अन्य शहरों में भी असम के लोगों के लिए ठहरने की सुविधाओं का विस्तार करने की योजना के बारे में बताया। इसके अलावा, अहमदाबाद, गया और पुणे में भी नई सुविधाएं विकसित करने पर काम चल रहा है।

हाल ही में बेंगलुरु में भी एक 'असम हाउस' का उद्घाटन किया गया है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में रहने वाले असमिया समुदाय को 29 नवंबर को भारत मंडपम में आयोजित होने वाले महान गायक भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गायिका उषा मंगेशकर को 'भूपेन हजारिका राष्ट्रीय पुरस्कार' से सम्मानित किया जाएगा जबकि श्रेया घोषाल और शंकर महादेवन, असम के कलाकारों के साथ मिलकर इस महान गायक को संगीतमय श्रद्धांजलि देंगे।

--आईएएनएस

एससीएच/पीएम