तमिलनाडु: कुलसेकरपट्टिनम में दशहरा उत्सव के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था, 3,700 पुलिसकर्मियों की तैनाती
थूथुकुडी, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। दशहरा उत्सव के मुख्य आकर्षण 'सूरसमहारम' समारोह के लिए तमिलनाडु के कुलसेकरपट्टिनम स्थित मुथरम्मन मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 'सूरसमहारम' में भक्तों की भीड़ को देखते हुए 3,700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
थूथुकुडी जिले में तिरुचेंदुर के पास स्थित तटीय कस्बे में इस समारोह के लिए लाखों भक्तों के जुटने की उम्मीद है। तीर्थयात्रियों और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है और दूसरे जिलों से भी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
इस त्योहार की शुरुआत 11 अक्टूबर को पारंपरिक ध्वजारोहण के साथ हुई थी। तब से, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और अन्य जगहों से भक्त इस तीर्थ स्थल पर पहुंच रहे हैं। इनमें से कई भक्तों ने उपवास और कठिन धार्मिक नियमों का पालन किया है और वे विशेष वेशभूषा पहने हुए हैं।
एसपी शिवप्रसाद ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की देखरेख चार पुलिस अधीक्षक करेंगे, जिनकी मदद के लिए 14 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 47 उप पुलिस अधीक्षक तैनात किए गए हैं। यह तैनाती सोमवार से मंगलवार तक, यानी त्योहार के मुख्य दिनों के लिए है, जब इस कस्बे में भारी संख्या में लोग आते हैं।
सिविल ड्रेस में भी पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। निगरानी में मदद करने और आने वाले लोगों की सहायता के लिए दस वॉचटावर और लगभग 50 पुलिस सहायता केंद्र बनाए गए हैं। पूरे उत्सव क्षेत्र में सात मोबाइल सर्विलांस कैमरा वाहन और 300 से अधिक फिक्स्ड कैमरे भी लगाए गए हैं।
तीन मुख्य सड़कों पर 'ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन' (एएनपीआर) कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर की पहचान करने में मदद करेंगे। इससे पुलिस को कस्बे में आने वाले और वहां से गुजरने वाले वाहनों पर नजर रखने में आसानी होगी। कुलसेकरपट्टिनम पुलिस स्टेशन में एक मॉनिटरिंग स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर निगरानी फीड आती है और पुलिसकर्मी 24 घंटे इस पर नजर रखते हैं।
निगरानी के लिए पांच ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने के लिए पांच 'फेशियल रिकग्निशन' (चेहरा पहचानने वाले) कैमरे लगाए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि अपराधियों की 1,000 से अधिक तस्वीरें इस पहचान प्रणाली (रिकग्निशन सिस्टम) में अपलोड की गई हैं। अगर कोई ऐसा व्यक्ति, जिसकी तस्वीर डेटाबेस में मौजूद है, कैमरे की रेंज में आता है, तो पुलिस अधिकारी उसकी गतिविधियों पर नजर रख सकते हैं और उचित कार्रवाई कर सकते हैं।
कुलसेकरनपट्टिनम में भक्तों के लगातार आने के बीच, मंगलवार रात को होने वाले उत्सव के सबसे महत्वपूर्ण समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक तैनाती और निगरानी नेटवर्क मुख्य भूमिका निभाएंगे।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी