दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के साथ तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट
चेन्नई, 31 मई (आईएएनएस)। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) चेन्नई ने अगले पांच दिनों में तमिलनाडु में व्यापक वर्षा का पूर्वानुमान लगाया है, जिसमें कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। बताया गया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और उससे सटे दक्षिण केरल में समुद्र तल से 3.1 किमी से 5.8 किमी की ऊंचाई पर स्थित चक्रवाती परिसंचरण की सहायता से मानसून के अगले तीन से चार दिनों में केरल में प्रवेश करने की उम्मीद है।
आरएमसी ने सोमवार को कम से कम 16 जिलों में गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है। प्रभावित होने वाले जिलों में नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, डिंडीगुल, थेनी, करूर, तिरुचिरापल्ली, नमक्कल, इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरि, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट और तिरुवन्नामलाई शामिल हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भी उम्मीद है।
मौसम विभाग ने कहा है कि 1 और 2 जून को भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है, पश्चिमी और उत्तरी जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। 2 से 4 जून तक पश्चिमी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों (नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, डिंडीगुल, थेनी, इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरी और तिरुवनमलाई) में बारिश और तेज होने की आशंका है।
तिरुनेलवेली के पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ तेनकासी और कन्याकुमारी जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। 4 जून को नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, इरोड, सलेम, डिंडीगुल, थेनी, विरुधुनगर, तेनकासी और कन्याकुमारी जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। 5 और 6 जून को बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की उम्मीद है, हालांकि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
आरएमसी ने समुद्री चेतावनी भी जारी की है। 31 मई से 4 जून के बीच तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन सागर में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और उससे सटे अरब सागर के कुछ हिस्सों में भी ऐसी ही स्थिति रहने की आशंका है।
मछुआरों को चेतावनी अवधि के दौरान सतर्क रहने और प्रभावित समुद्री क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
--आईएएनएस
एमएस/