☰
×

अफगानिस्तान : कंधार में बस और ट्रक की टक्कर से पांच लोगों की मौत, 15 घायल

 

काबुल, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के दक्षिणी प्रांत कंधार में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों की मौत हो गई। प्रांतीय ट्रैफिक पुलिस निदेशक मोहम्मद ताहिर के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह दमन जिले में हुआ। एक ट्रक सामने से आ रही बस से टकरा गया।

वाहनों की आमने-सामने टक्‍कर में पांच लोगों की मौत हो गई, ज‍बक‍ि 15 अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इससे पहले 23 सितंबर को अफगानिस्तान के उत्तरी तखार प्रांत में एक सड़क दुर्घटना में आठ यात्रियों की मौत हो गई थी और चार लोग घायल हुए थे।

तखार पुलिस के प्रवक्ता नकीबुल्लाह मसूर ने बताया कि कलाफगान जिले के गजेस्तान क्षेत्र में एक वाहन सड़क से फिसलकर पलट गया। इस हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

घायलों को तखार के प्रांतीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया था कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

22 सितंबर को पूर्वी अफगानिस्तान के लगमान प्रांत में भी एक हादसा हुआ था। यहां एक मिनी बस गहरी खाई में गिर गई, जिससे एक यात्री की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए।

प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद यूनुस यूसुफजई ने बताया कि यह दुर्घटना पदपाख जिले में मंगलवार सुबह हुई। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्रांतीय राजधानी मेहतरलाम के अस्पताल में पहुंचाया गया।

वहीं, 20 सितंबर को पूर्वी अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में एक और हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी।

पुलिस प्रवक्ता सैयद तैयब हमद के अनुसार, बाटी कोट जिले में तेज रफ्तार से चल रही एक गाड़ी चालक की लापरवाही के कारण सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।

लगातार हो रहे इन सड़क हादसों ने अफगानिस्तान में सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने जैसी समस्याओं को एक बार फिर उजागर किया है।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम