नीति आयोग में नियुक्ति पर पीएम मोदी ने की प्रो. गोवर्धन दास की सराहना
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को प्रो. गोवर्धन दास को बधाई देते हुए उनके जीवन की प्रेरणादायक यात्रा की सराहना की, जिसमें कड़ी मेहनत और विनम्रता साफ दिखाई देती है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि दास ने सार्वजनिक स्वास्थ्य, विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिससे देश का नाम रोशन हुआ है।
उन्होंने कहा, "प्रो. गोवर्धन दास, आपको बहुत-बहुत बधाई! आपकी कड़ी मेहनत और विनम्रता से भरी यात्रा हर किसी को प्रेरित करने वाली है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "सार्वजनिक स्वास्थ्य, विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आपने जो अमूल्य योगदान दिया है, उस पर पूरे देश को गर्व है। आपके कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।"
इससे पहले एक्स पर एक भावुक बयान में प्रो. दास ने कहा कि नीति आयोग में सदस्य के रूप में नियुक्त होना उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक है।
उन्होंने देश की सेवा करने का अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हृदय से धन्यवाद दिया।
प्रो. दास ने अपने साधारण जीवन की बात करते हुए कहा, "मैं पश्चिम बंगाल के सुदूरवर्ती गांव के एक दलित वर्ग का एक आम किसान परिवार का बेटा हूं। बचपन से ही मिट्टी की मिठास, मेहनत की कीमत और संघर्ष की सच्चाई मेरी जिंदगी का मुख्य अंग रही है।"
प्रो. दास ने आगे कहा कि आज की जिम्मेदारियां मेरे लिए बस एक पद नहीं है; यह मेरे जैसे अनगिनत आम लोगों के सपने, उम्मीदों और विश्वासों की झलक है। मेरा पूर्ण विश्वास है कि देश के संपूर्ण विकास के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों, किसान समुदायों और आम लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना बहुत जरूरी है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में ईमानदारी, समर्पण और पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे और देश के विकास में योगदान देंगे।
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि सोच वाली टीम के नेतृत्व में देश के इस सफर में थोड़ा सा भी योगदान दे पाना मेरे लिए गर्व की बात है। मैं सभी का आशीर्वाद और सहयोग चाहता हूं।"
--आईएएनएस
डीबीपी