×

गुजरात: शादी समारोह में शामिल 200 से ज्यादा लोग बीमार, जांच के लिए भेजे गए खाने के सैंपल

 

दाहोद, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। दाहोद जिले में हुए शादी समारोह में शामिल 200 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। इसके बाद खाने के नमूनों की लैब में जांच चल रही है। इस मामले में कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

अधिकारियों ने बताया कि पनीर की सब्जी, पूरी, आम का जूस और टैंकर व पानी के नमूने वडोदरा की फूड एंड ड्रग लैबोरेटरी में जांच के लिए भेजे गए हैं।

साथ ही पनीर और आम के जूस बनाने वालों से भी नमूने लिए गए हैं, ताकि संक्रमण के स्रोत का पता लगाया जा सके।

यह घटना सोमवार शाम गरबाड़ा तालुका के अभलोड गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई।

समारोह में कैटरर धनाभाई भरवाड़ द्वारा तैयार भोजन परोसा गया था।

मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी (सीडीएचओ) के अनुसार, 1,000 से 1,200 लोगों ने भोजन किया था, जिनमें से 222 लोगों में दस्त, उल्टी, मितली और पेट दर्द जैसे लक्षण सामने आए।

फूड एंड ड्रग रेगुलेशन अथॉरिटी (एफडीसीए) को मंगलवार को इसकी जानकारी दी गई। घटना के बाद राज्य सरकार ने जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने कहा, ''यह घटना कल शाम एक निजी कार्यक्रम में हुई। सिविल अस्पताल में प्रभावित मरीजों का इलाज चल रहा है। मैंने जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जो 1-2 दिन में मिल जाएगी।''

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि 184 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि मंगलवार दोपहर तक 34 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।

अन्य हल्के लक्षण वाले लोगों का इलाज स्थानीय अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, लोगों में भोजन करने के कुछ ही समय बाद लक्षण दिखाई देने लगे, जिसके बाद बड़े पैमाने पर चिकित्सा व्यवस्था की गई और कई लोगों को एंबुलेंस व निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया।

दाहोद के महामारी अधिकारी डॉ. नयन जोशी ने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के अधिकारी भी जांच में सहयोग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ''एफएसएसएआई के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राज्य अधिकारियों के साथ नमूने एकत्र करने में मदद कर रहे हैं। जांच के निष्कर्ष जल्द साझा किए जाएंगे।''

अधिकारियों ने अभी तक संक्रमण के स्रोत की पुष्टि नहीं की है।

उन्होंने कहा कि आगे की कानूनी कार्रवाई जिला रिपोर्ट और लैब जांच के नतीजों के आधार पर तय की जाएगी, जो आने वाले दिनों में सामने आएंगे।

इस घटना में किसी की मौत की खबर नहीं है और ज्यादातर मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी