नेपाल आपदा: गुजरात सरकार ने राज्य के प्रभावित नागरिकों के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
गांधीनगर, 27 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल की आपदा में भारतीय नागरिकों के भी प्रभावित होने की संभावनाओं के बीच गुजरात सरकार ने राज्य के नागरिकों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए हेल्पलाइन और आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं।
गुजरात के निवासियों और उनके परिवार के सदस्यों को सूचना या सहायता प्राप्त करने के लिए राज्य नियंत्रण कक्ष से 079-232-51900 या 9978405304 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। वे राज्य की हेल्पलाइन 1070 या संबंधित जिले के जिला आपातकालीन संचालन केंद्र से 1077 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
गुजरात सरकार ने जरूरतमंद नागरिकों और उनके परिवार के सदस्यों से अपील की है कि वे सहायता व जानकारी के लिए तुरंत बताए गए नंबरों पर संपर्क करें।
बता दें कि तिब्बत सीमा के पास नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को अचानक से बाढ़ आई। इससे अनेकों वाहन, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे तबाह हो गए। साथ ही, बाढ़ ने क्षेत्र में आवागमन को बाधित कर दिया। प्रभावित लोगों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
नेपाल की इस आपदा में अब तक 177 लोगों की मौत हो चुकी है। 133 भारतीय नागरिकों सहित 750 से अधिक लोग लापता हैं, जिनमें क्षेत्र में यात्रा कर रहे पर्यटक और तीर्थयात्री भी शामिल हैं।
अचानक आई बाढ़ के कारण प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत अभियान शुरू हो गए हैं। नेपाल पुलिस और सेना समेत अन्य बचाव दल आपदा के बीच फंसे और लापता लोगों की तलाश के लिए हेलीकॉप्टर और अन्य संसाधनों का उपयोग कर रहे हैं।
इस स्थिति को देखते हुए काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों के लिए अलग से आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए। सहायता और जानकारी के लिए वे +977 985 131 6807 या +977 970910 7500 पर संपर्क कर सकते हैं। दूतावास संकट के जवाब में नेपाल के अधिकारियों के साथ समन्वय भी कर रहा है।
--आईएएनएस
डीसीएच/