×

2001 के भूकंप के बाद कच्छ बना विकसित और समृद्ध क्षेत्र: सीएम भूपेंद्र पटेल

 

भुज, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को कहा कि 2001 के भूकंप के बाद कच्छ जिला एक विकसित और समृद्ध क्षेत्र के रूप में उभरा है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और स्थानीय लोगों के लगातार प्रयासों को दिया। यह बात उन्होंने स्थानीय निकाय चुनाव से पहले आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कही।

सीएम ने ‘विकास संकल्प सभा’ कार्यक्रमों में कहा, ''2001 के भूकंप के बाद जब कच्छ का पुनर्निर्माण मुश्किल लग रहा था, आज वही कच्छ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और नेतृत्व तथा कच्छ के लोगों की कड़ी मेहनत से एक जीवंत क्षेत्र बन गया है।''

उन्होंने कहा कि जिले का विकास बिना किसी रुकावट के लगातार जारी है।

शासन और नेतृत्व पर जोर देते हुए पटेल ने कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी जो कहते हैं, वही करते हैं, इसलिए उन पर जनता का भरोसा दिन-ब-दिन बढ़ रहा है।''

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री "छोटा नहीं सोचते," और इसी सोच के कारण कच्छ के घर-घर तक नर्मदा का पानी पहुंचाने जैसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर विकास संभव हो पाए हैं।

पर्यटन के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ''व्हाइट रण और धोर्डो आज वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर चमक रहे हैं।''

उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में जी-20 जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन का होना गर्व की बात है।

कल्याणकारी और शिक्षा योजनाओं का जिक्र करते हुए पटेल ने ‘नमो लक्ष्मी’ और ‘नमो सरस्वती’ जैसी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भी गुजरात का विकास नहीं रुका।

उन्होंने कहा, ''कोविड जैसी वैश्विक महामारी के दौरान भी गुजरात का विकास नहीं रुका और आगे भी नहीं रुकेगा।''

उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड योजना के जरिए गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है।

आर्थिक विकास पर बात करते हुए पटेल ने कहा कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग की संख्या 2001 में 1.83 लाख से बढ़कर अब 27 लाख से ज्यादा हो गई है, जिसका श्रेय ‘वाइब्रेंट गुजरात’ जैसी पहल को जाता है।

उन्होंने ‘कैच द रेन’ अभियान का भी जिक्र किया और कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जल बचत के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम मिले हैं, और छोटे-छोटे प्रयासों से स्वच्छता में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ झूठे नारे लगाने से कुछ नहीं होता, सही योजना और उसके क्रियान्वयन की जरूरत होती है,” और कहा कि भाजपा ने इसे करके दिखाया है।

पटेल ने 26 अप्रैल को होने वाले चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन की अपील करते हुए कहा कि भाजपा को दिया गया हर वोट विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगा।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी