☰
×

गुजरात के शहरों को राष्ट्रीय स्वच्छता सम्मान, सीएम भूपेंद्र पटेल ने स्वच्छता अभियान को दिया श्रेय

 

गांधीनगर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राज्य के शहरों की उपलब्धियों की सराहना की। अहमदाबाद-साणंद, वडोदरा और सूरत को विभिन्न श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता आंदोलन को गुजरात ने सफलतापूर्वक जनांदोलन में बदल दिया है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में स्वच्छता राज्य के लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बन गई है।

पटेल ने सम्मान प्राप्त करने वाले शहरों और उनके नागरिकों को बधाई देते हुए स्वच्छ और विकसित गुजरात के निर्माण के लिए प्रयास तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य ने स्वच्छता को जनभागीदारी का अभियान बनाने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को पूरी तरह अपनाया है।

अहमदाबाद-साणंद की जोड़ी ने राष्ट्रीय स्तर पर 'स्वच्छ शहर जोड़ी' श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। यह श्रेणी उन शहरों को सम्मानित करती है, जो आपसी सहयोग से शहरी कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का कार्य करते हैं।

इस पहल के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहर अपने अनुभव और सफल मॉडल अन्य शहरों के साथ साझा करते हैं, ताकि स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को मजबूत किया जा सके।

वहीं, सूरत ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की ‘सुपर स्वच्छ लीग’ श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया। लगातार दूसरे वर्ष भी सूरत देश के सबसे स्वच्छ शहरों में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहा है। इस श्रेणी में नवी मुंबई को पहला और विजयवाड़ा को तीसरा स्थान मिला। वहीं, वडोदरा को गुजरात का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर गुजरात के शहरी विकास मंत्री कनु देसाई, राज्य मंत्री दर्शना वाघेला तथा संबंधित नगर निगमों के अधिकारियों ने पुरस्कार प्राप्त किए।

गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 इस वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण का 10वां संस्करण है। इसका आयोजन केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत किया जाता है।

सर्वेक्षण में कचरे का पृथक्करण, संग्रहण और परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, दृश्य स्वच्छता, स्वच्छता सुविधाएं और नागरिकों की प्रतिक्रिया जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर शहरों का मूल्यांकन किया जाता है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम