×

गुजरात के बैंकरों ने तीन दिन की हड़ताल से पहले ग्राहकों से की जरूरी लेन-देन करने की अपील

 

गांधीनगर, 24 सितंबर (आईएएनएस)। गुजरात की स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी (एसएलबीसी) ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे 25 सितंबर तक अपने जरूरी लेन-देन पूरे कर लें। 28 से 30 सितंबर तक होने वाली प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल से पहले डिजिटल बैंकिंग चैनलों का ज्यादा इस्तेमाल करें।

एसएलबीसी-गुजरात ने अपने कन्वीनर बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ मिलकर यह एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की देशव्यापी हड़ताल की घोषणा के बाद आई है।

कर्मचारियों की भागीदारी के आधार पर इन तीन दिनों के दौरान बैंक शाखाओं और कार्यालयों में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है।

ग्राहकों से कहा गया है कि वे अपनी बैंकिंग जरूरतों की योजना पहले से बना लें ताकि उन्हें कम से कम परेशानी हो।

उन्हें खास तौर पर सलाह दी गई है कि वे प्रस्तावित हड़ताल शुरू होने से पहले 25 सितंबर तक जरूरी बैंकिंग लेन-देन और चेक से जुड़े काम पूरे कर लें।

एसएलबीसी-गुजरात ने ग्राहकों को आने वाले दिनों के लिए अपनी कैश की जरूरतों का अंदाजा लगाने और जरूरत पड़ने पर एटीएम और कैश रीसाइक्लर मशीनों का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी है।

रोजमर्रा के लेन-देन के लिए, ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है, ताकि बैंक शाखाओं में जाने की जरूरत कम हो।

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अलग से ग्राहकों को सलाह दी है कि वे हड़ताल से पहले शाखा से जुड़े जरूरी काम पूरे कर लें और जो सेवाएं दूर से ही ली जा सकती हैं, उनके लिए एटीएम, कस्टमर सर्विस पॉइंट और डिजिटल बैंकिंग चैनलों का इस्तेमाल करें।

प्रस्तावित हड़ताल के कारण कामकाज में लंबे समय तक रुकावट आने की भी आशंका है, क्योंकि 26 और 27 सितंबर को चौथा शनिवार और रविवार है।

वित्त मंत्रालय ने कहा है कि सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक 27 सितंबर को सामान्य रूप से काम करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ग्राहक हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकें।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने उस दिन बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट के कामकाज को मंजूरी दे दी है।

सरकार ने कहा है कि यूएफबीयू की हड़ताल मुख्य रूप से पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह की मांग से जुड़ी है। सरकार ने यह भी कहा है कि 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल बैंकों की छमाही क्लोजिंग (30 सितंबर) के समय हो रही है, जब रिकॉन्सिलिएशन, प्रोविजनिंग और ट्रेजरी व मार्केट ऑपरेशन जैसे काम किए जाते हैं।

एसएलबीसी-गुजरात की एडवाइजरी का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहक उस दौरान भी जरूरी वित्तीय लेन-देन कर सकें, जब शाखा-आधारित सेवाएं बाधित हो सकती हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी