अहमदाबाद नगर निकाय ने 15 दिन में हजारों अतिक्रमण हटाए, 8.62 लाख रुपए का जुर्माना भी वसूला
अहमदाबाद, 8 अगस्त (आईएएनएस)। अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने शहर भर में 15 दिनों तक चले एक सघन अभियान के दौरान सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और हाईवे से 708 हाथगाड़ियों और स्टॉलों को हटाया। इसके साथ ही हजारों अन्य अवैध कब्जों को भी साफ किया। नियमों के उल्लंघन के लिए 8.62 लाख रुपए का प्रशासनिक जुर्माना भी वसूला।
एस्टेट डिपार्टमेंट ने 24 जुलाई से 7 अगस्त के बीच एएमसी के सभी सात जोन में कार्रवाई की और उन कब्जों को हटाया जो सार्वजनिक सड़कों पर रुकावट डाल रहे थे और ट्रैफिक की आवाजाही को प्रभावित कर रहे थे।
इस अभियान के तहत 313 अवैध शेड और 1,066 तिरपाल हटाए गए, जबकि सार्वजनिक सड़कों पर लगे 1,987 विज्ञापन बोर्ड और लगभग 5,196 अन्य तरह के सामान जब्त किए गए या हटाए गए।
इस अभियान के दौरान नगर निकाय ने अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की। कुल 1,159 वाहनों को लॉक किया गया, जबकि 10 वाहनों को टो करके ले जाया गया। विभाग ने सड़कों पर बने 35 पक्के ढांचों को भी हटा दिया।
पश्चिम क्षेत्र में ऑपरेशन में गोल्डन ट्रायंगल, स्टेडियम चार रास्ता, स्वास्तिक चार रास्ता, पंचवटी फाइव रोड, परिमल गार्डन अंडरपास, नारणपुरा चार रास्ता, अंकुर चार रास्ता और शास्त्रीनगर शामिल थे।
नॉर्थ-वेस्ट जोन में अधिकारियों ने घाटलोडिया के डमरू सर्कल से चाणक्यपुरी रोड और गुजरात हाई कोर्ट कॉम्प्लेक्स की ओर जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई की। इसके अलावा, जजेज बंगलो रोड, पकवान चार रास्ता, मानसी सर्कल, केशवबाग, इस्कॉन चार रास्ता, थलतेज और वैष्णो देवी सर्कल पर भी कार्रवाई की गई।
साउथ-वेस्ट जोन में कैनयुग चार रास्ता से श्यामला चार रास्ता, प्रहलाद नगर और एसजी हाईवे इलाके के साथ-साथ इस्कॉन सर्कल से उजाला सर्कल तक की सड़क पर कार्रवाई की गई। ईस्ट जोन में टीमों ने हस्तिनापुर, हटकेश्वर सर्कल रोड, रबारी कॉलोनी, निकोल, सोनीनी चाली, सारंगपुर ब्रिज और ठक्करबापा नगर से जशोदा नगर तक के इलाके को कवर किया।
सेंट्रल जोन में इस अभियान में जमालपुर फ्लावर मार्केट, एपीएमसी मार्केट, गीता मंदिर, कालूपुर रेलवे स्टेशन, प्रेम दरवाजा, दिल्ली दरवाजा और माणिक चौक शामिल थे। नॉर्थ जोन में मेमको से कुबेरनगर, हीरावाड़ी बीआरटीएस, नरोडा गांव और न्यू नरोडा तक कार्रवाई की गई।
साउथ जोन ऑपरेशन में पिपलाज-पिराना रोड, सैजपुर, पी.डी. पांड्या कॉलेज रोड, गोविंदवाड़ी, इसानपुर, घोड़ासर कैनाल रोड, हटकेश्वर और सीटीएम क्रॉस रोड शामिल थे।
एएमसी एस्टेट विभाग ने प्रॉपर्टी मालिकों, व्यापारियों, दुकानदारों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों और हाईवे पर अवैध कब्जे न करें। नगर निकाय ने कहा कि आने वाले दिनों में सार्वजनिक सड़कों पर बाधा डालने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
--आईएएनएस
एसएचके/एबीएम