×

गुजरात: गांधीनगर नगर निगम चुनाव के लिए 'आप' ने 29 उम्मीदवार के नामों का किया ऐलान, नामांकन रैली निकाली

 

गांधीनगर, 24 सितंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को आगामी गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की नामांकन रैली निकाली। पथिकाश्रम से कलेक्टर कार्यालय तक निकाली गई रैली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

रैली में विसावदर विधायक गोपाल इटालिया, प्रदेश संगठन महासचिव मनोज सोरठिया, प्रदेश संगठन सचिव और मुख्य प्रवक्ता डॉ. करण बरोट, प्रदेश उपाध्यक्ष गौरी देसाई और छात्र नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष युवराज सिंह जडेजा समेत कई नेता शामिल हुए।

'आप' ने बताया कि पार्टी अब तक 29 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है और बाकी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान जल्द किया जाएगा।

इटालिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ गांधीनगर स्थानीय निकाय चुनाव में उतरी है। उन्होंने इस रैली को 'गांधीनगर परिवर्तन यात्रा' बताया।

उन्होंने कहा, "आज आम आदमी पार्टी के सभी उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और गांधीनगर की जनता की मौजूदगी में हमने 'गांधीनगर परिवर्तन यात्रा' निकाली है। इस परिवर्तन यात्रा के जरिए हमने गांधीनगर की जनता को एक बड़ा संदेश देने की कोशिश की है।"

इटालिया ने कहा कि उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के दौरान आप कार्यकर्ताओं और जनता में उत्साह साफ दिखाई दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात में करीब तीन दशक से भाजपा की सरकार है और गांधीनगर नगर निगम पर भी करीब 10 वर्षों से उसका शासन रहा है, इसके बावजूद शहर में नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं।

इटालिया ने कहा, "इसके बावजूद अगर गांधीनगर में पीने के पानी, स्ट्रीट लाइट, ड्रेनेज या साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं हैं तो गुजरात के सबसे दूर के इलाकों में रहने वाले लोगों की स्थिति के बारे में क्या कहा जा सकता है?"

उन्होंने मतदाताओं से आप के चुनाव चिह्न 'झाड़ू' का बटन दबाकर पार्टी को एक मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे गांधीनगर को 'सुशासन, उचित नेतृत्व और मजबूत व्यवस्था' मिलेगी।

इटालिया ने कहा, "जब गांधीनगर के सभी लोग 'झाड़ू' का बटन दबाएंगे तो मुझे भरोसा है कि वोटों का बंटवारा नहीं होगा, बल्कि भाजपा और कांग्रेस दोनों का सफाया हो जाएगा।"

उन्होंने आगे कहा, "आपने चुनाव में बड़े लोगों को वोट दिया और उन्होंने गलत काम किया तो अब छोटे लोगों को वोट दीजिए, वे बड़े काम करेंगे। इसलिए इस बार सभी लोगों का एक ही संकल्प है, 'अब परिवर्तन होना चाहिए' और परिवर्तन का मतलब आम आदमी पार्टी है।"

गांधीनगर नगर निगम में 11 वार्ड और पार्षदों की 44 सीटें हैं। गुजरात राज्य चुनाव आयोग ने मतदान के लिए 11 अक्टूबर की तारीख तय की है, जबकि मतगणना 13 अक्टूबर को होगी।

नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 26 सितंबर है। नामांकन पत्रों की जांच 28 सितंबर को होगी और उम्मीदवार 29 सितंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। जरूरत पड़ने पर दोबारा मतदान 12 अक्टूबर को कराया जाएगा।

साल 2021 के गांधीनगर नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 44 में से 41 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस को दो और आम आदमी पार्टी को एक सीट मिली थी।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी