×

अहमदाबाद में नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद, एक गिरफ्तार

 

अहमदाबाद, 28 जून (आईएएनएस)। गुजरात की अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने जिले के असलाली क्षेत्र में नशा विरोधी अभियान के तहत एक पिकअप वाहन से 358 बोतल संदिग्ध नशीली कफ सिरप बरामद की है। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने यह कार्रवाई सरखेज-धोलका रोड स्थित सतवा आर्केड कॉम्प्लेक्स के पास की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वाहन में अवैध रूप से नशीली कफ सिरप ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 358 बोतल नशीली कफ सिरप बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 5,000 रुपए कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया और करीब 3 लाख रुपए मूल्य का वाहन भी कब्जे में लिया।

जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 3,75,884 रुपए आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 36 वर्षीय खोड़ा उर्फ रोहित ठाकोर के रूप में हुई है। वह अहमदाबाद जिले के बावला तालुका का निवासी और पेशे से चालक है।

मामले में दो अन्य लोगों जिग्नेश ठाकोर और रवि पागी को भी वांछित आरोपी बनाया गया है। दोनों बावला तालुका के निवासी हैं।

असलाली पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की धारा 8(सी), 21(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त की गई कफ सिरप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

इससे पहले भी इसी वर्ष अहमदाबाद जिले के बावला क्षेत्र में पुलिस ने 273 बोतल नशीली कफ सिरप जब्त की थी। उस मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था और अवैध कारोबार से जुड़े वाहन तथा अन्य सामान बरामद किए गए थे।

इसके अलावा अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने चांगोदर और साणंद क्षेत्रों में भी कई संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर अवैध रूप से बेची जा रही कफ सिरप के खिलाफ कार्रवाई की थी। इन अभियानों में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई थी और कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था।

अधिकारियों का कहना है कि कोडीन युक्त कफ सिरप का नशे के रूप में दुरुपयोग लगातार बढ़ रहा है, खासकर युवाओं के बीच। ऐसे में पुलिस इस तरह के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी