×

ईरान युद्ध से जुड़े ऊर्जा संकट को केंद्र सरकार ने बहुत अच्छे तरीके से संभाला: ओएनजीसी की पूर्व निदेशक

 

नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। ओएनजीसी की पूर्व निदेशक (अन्वेषण) सुषमा रावत ने सोमवार को कहा कि पश्चिम एशिया में खाड़ी संकट और ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले के बाद पैदा हुए ऊर्जा संकट को भारत सरकार ने बेहद प्रभावी तरीके से संभाला। उन्होंने कहा कि सरकार ने न केवल देश में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की, बल्कि उपभोक्ताओं को ईंधन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से भी बचाया।

पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के दौरान भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर न्यूज एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में सुषमा रावत ने कहा कि सरकार का संकट प्रबंधन सराहनीय रहा और वैश्विक ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल के बावजूद देश में ईंधन की आपूर्ति सामान्य बनी रही।

उन्होंने कहा, "ईरान युद्ध के कारण पैदा हुए खाड़ी संकट को भारत सरकार ने बहुत अच्छे तरीके से संभाला। अगर मुझे सरकार की प्रतिक्रिया को अंक देने हों, तो मैं 10 में से 8.5 से 9 अंक दूंगी। भारत जैसे विशाल आबादी वाले देश में करीब 3 करोड़ एलपीजी उपभोक्ता हैं और तेल-गैस का बहुत बड़ा नेटवर्क है। इसके बावजूद देश में कहीं भी ईंधन की कमी नहीं हुई।"

सुषमा रावत ने आईएएनएस से कहा कि इस दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया। कीमतें करीब 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं और कई दिनों तक 116 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी रहीं।

उन्होंने कहा, "दुनिया के कई देशों में ईंधन की कीमतों में 24 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई, जबकि कुछ देशों में यह वृद्धि 40 प्रतिशत तक पहुंच गई। लेकिन भारत में आम लोगों की सुविधा और उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए शुरुआत में ईंधन की कीमतों में केवल लगभग 2 से 3 प्रतिशत की ही बढ़ोतरी की गई।"

सुषमा रावत ने कहा कि भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। खासकर नवीकरणीय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) और वैकल्पिक ईंधन के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने बताया कि भारत की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में अब 51 प्रतिशत हिस्सा नवीकरणीय ऊर्जा का हो चुका है।

उन्होंने एथेनॉल मिश्रण (एथेनॉल ब्लेंडिंग) कार्यक्रम की सफलता का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, भारत ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य तय समय से पहले ही हासिल कर लिया है।

उन्होंने कहा, "हम नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार मजबूत हो रहे हैं और हर दिन इस दिशा में नई प्रगति हो रही है।"

--आईएएनएस

डीबीपी