गुजरात: वाइब्रेंट नवरात्रि उत्सव का शुभारंभ, सीएम भूपेंद्र पटेल बोले- गरबा को मिली वैश्विक पहचान
अहमदाबाद, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को अहमदाबाद के जीएमडीसी ग्राउंड में वाइब्रेंट नवरात्रि महोत्सव 2026 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से गुजरात के पारंपरिक गरबा को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।
राज्य सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव के उद्घाटन समारोह में करीब छह देशों के राजदूतों के साथ राज्य और स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट ने राज्य के व्यापार, उद्योग और उद्यमशीलता को वैश्विक मंच प्रदान किया है। उन्होंने गुजरात की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने को विकास और परंपराओं के संरक्षण के व्यापक दृष्टिकोण से जोड़ा।
मुख्यमंत्री ने वाइब्रेंट नवरात्रि, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, रण उत्सव, अंबाजी कॉरिडोर और 500 वर्षों बाद पावागढ़ में ध्वजारोहण जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये प्रयास "विरासत भी, विकास भी" की सोच को दर्शाते हैं।
उन्होंने केदारनाथ धाम और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर परियोजनाओं का भी जिक्र किया और इन्हें सांस्कृतिक विरासत तथा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
भूपेंद्र पटेल ने कहा कि इस वर्ष का वाइब्रेंट नवरात्रि महोत्सव इसलिए भी खास है क्योंकि यह प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर के साथ आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने प्रार्थना की कि आदि शक्ति मां अंबाजी सभी को आशीर्वाद दें और गुजरात को प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत 2047' के संकल्प में योगदान देते रहने की शक्ति प्रदान करें।
महोत्सव के उद्घाटन के साथ मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों और सखी मंडलों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार घरेलू उद्योग उत्पादों और हस्तशिल्प वस्तुओं की प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी गुजरात लाइवलीहुड प्रमोशन कंपनी की ओर से आयोजित की गई है।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में हिस्सा लेने वाली महिलाओं से बातचीत की और उनके उत्पादों की जानकारी ली।
बता दें कि गरबा गुजरात की लोक परंपराओं का अहम हिस्सा है और नवरात्रि उत्सव की प्रमुख पहचान भी। वाइब्रेंट नवरात्रि महोत्सव का उद्देश्य इस पारंपरिक लोकनृत्य को मंच प्रदान करने के साथ-साथ गुजरात की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करना है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी