जी. वी. प्रकाश: सेल्वराघवन की 'मेंटल मनधिल' का अंतिम शेड्यूल शुरू
चेन्नई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। दिग्गज निर्देशक सेल्वराघवन की आगामी फिल्म 'मेंटल मनधिल' में मुख्य भूमिका निभा रहे तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके जी. वी. प्रकाश ने बताया कि फिल्म का अंतिम चरण (फाइनल शेड्यूल) वर्तमान में चल रहा है।
अपने एक्स हैंडल पर जी.वी. प्रकाश ने फिल्म के सेट से कुछ बिहाइंड-द-सीन्स (बीटीएस) तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "मास्टर सेल्वराघवन सर के साथ अंतिम शेड्यूल शुरू हो गया है....। यह सेल्वराघवन की एक प्रेम कहानी है।"
इस वर्ष सितंबर में आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में जी. वी. प्रकाश ने बताया था कि फिल्म की 80 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो चुकी है और इसे अगले वर्ष की शुरुआत में रिलीज करने की योजना है।
लोकप्रिय संगीत निर्देशक और अभिनेता ने कहा था, "'मेंटल मनधिल' कुछ हद तक 'यारादी नी मोहिनी' और इम्तियाज अली की फिल्मों की शैली का मिश्रण है। फिल्म की 80 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो चुकी है। चेन्नई में मेरे हिस्से की शूटिंग के अंतिम सात दिनों का शेड्यूल बाकी है। इसके बाद हम 2027 की शुरुआत में फिल्म रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।"
अभिनेता ने निर्देशक सेल्वराघवन की जमकर सराहना भी की। उन्होंने कहा, "सेल्वा सर एक मास्टर हैं। कलाकारों से अभिनय करवाने और उन्हें सिखाने में उनका कोई जवाब नहीं है। हमने फिल्म का एडिट देखा है और सब कुछ बहुत शानदार तरीके से काम कर रहा है।"
फिल्म को लेकर प्रशंसकों और सिने प्रेमियों में काफी उत्साह है क्योंकि यह तीसरा मौका है जब सेल्वराघवन और तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता जी. वी. प्रकाश साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों ने 'आयिराथिल ओरुवन' और 'मयक्कम एन्ना' जैसी फिल्मों में साथ काम किया था, जिनका संगीत जबरदस्त हिट साबित हुआ था। ऐसे में इस फिल्म से भी काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।
दिलचस्प बात यह है कि जी. वी. प्रकाश इस फिल्म में सिर्फ संगीत ही नहीं दे रहे हैं बल्कि पहली बार सेल्वराघवन के निर्देशन में मुख्य अभिनेता की भूमिका भी निभा रहे हैं। पिछले वर्ष उन्होंने फिल्म के सेट से एक तस्वीर साझा करते हुए कहा था, "महान सेल्वराघवन सर के साथ शूटिंग मोड में हूं... यह फिल्म और इसका संगीत प्रशंसकों के लिए एक खास तोहफा होगा।"
इस रोमांटिक फिल्म में अभिनेत्री माधुरी जैन जी. वी. प्रकाश के अपोजिट मुख्य भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा कई प्रमुख चरित्र कलाकार भी सहायक भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के पहले चार शेड्यूल पिछले वर्ष पूरे कर लिए गए थे।
तकनीकी पक्ष की बात करें तो फिल्म की सिनेमैटोग्राफी अरुण रामकृष्णन कर रहे हैं, जबकि संगीत स्वयं जी. वी. प्रकाश कुमार दे रहे हैं। बहुप्रतीक्षित इस रोमांटिक एंटरटेनर का संपादन बालाजी ने किया है और कला निर्देशन आर. के. विजय मुरुगन ने संभाला है। दिनेश गुना इस फिल्म के कार्यकारी निर्माता हैं। फिल्म का निर्माण जी. वी. प्रकाश कुमार ने अपने बैनर 'पैरेलल यूनिवर्स पिक्चर्स' के तहत किया है।
--आईएएनएस
पीएम