बसवराज बोम्मई का कांग्रेस सरकार पर हमला, बोले- हावेरी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त
हावेरी, 16 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और हावेरी-गडग लोकसभा सीट से सांसद बसवराज बोम्मई ने गुरुवार को कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि हावेरी जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों में अब न तो पुलिस का डर है और न ही कानून का।
बोम्मई हावेरी में भाजपा द्वारा आयोजित एक विशाल विरोध रैली में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
रैली से पहले पत्रकारों से बातचीत में बोम्मई ने कहा कि जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर उन्होंने कई बार जिला प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि हावेरी जिले में अब ऐसे अपराध हो रहे हैं, जिनकी पहले कभी कल्पना भी नहीं की जाती थी। उनके मुताबिक, जिले की कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है।
बोम्मई ने कहा कि हाल ही में शिगगांव में दिनदहाड़े सड़क पर हत्या की घटना हुई। उन्होंने हंगल सामूहिक दुष्कर्म मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपियों ने सार्वजनिक जुलूस निकाला, जिससे यह साफ होता है कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राणेबेन्नूर में अवैध बूचड़खानों को बंद कराने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्यातिहाल गांव में हुई हत्या का भी उल्लेख करते हुए दावा किया कि जिले में "लव जिहाद" और हत्या जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
बोम्मई ने कहा कि इतनी गंभीर घटनाओं के बावजूद राज्य सरकार और पुलिस विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिसकर्मी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर रही है और जब तक लोगों को न्याय नहीं मिलता तथा पुलिस की कथित ज्यादतियां नहीं रुकतीं, भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार पर सिंचाई परियोजनाओं की अनदेखी का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में 350 से अधिक लिफ्ट सिंचाई योजनाएं होने के बावजूद पिछले तीन वर्षों से सिंचाई विभाग निष्क्रिय बना हुआ है।
बोम्मई ने दावा किया कि पश्चिमी घाट में पर्याप्त बारिश और वरदा, मालप्रभा, घाटप्रभा और कृष्णा नदियों में उपलब्ध जल का सही उपयोग नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई परियोजनाओं का रखरखाव नहीं हो रहा, बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया गया है, जिसके कारण कई योजनाएं बंद हो गई हैं। साथ ही नहरों की नियमित सफाई भी नहीं कराई जा रही है।
फसल बीमा सत्यापन प्रमाणपत्र किसानों को समय पर नहीं मिलने के मुद्दे पर बोम्मई ने कहा कि वह पहले ही संबंधित अधिकारियों को पत्र लिख चुके हैं और शुक्रवार को नई दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी इस विषय पर चर्चा करेंगे।
हावेरी मेडिकल कॉलेज भवन में पानी रिसाव की खबरों पर उन्होंने कहा कि वह स्वयं कॉलेज का दौरा कर स्थिति का निरीक्षण करेंगे।
--आईएएनएस
डीएससी