×

अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हवाई हमले की पूर्व अफगान राष्ट्रपति करजई ने की निंदा

 

काबुल, 10 जून। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने पाकिस्तान द्वारा अफगान हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन और कुनार, खोस्त तथा पक्तिका प्रांतों में किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में कई नागरिकों, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों, के मारे जाने की खबर है।

करजई ने कहा कि पाकिस्तान को क्षेत्र में अपनी "शत्रुतापूर्ण नीतियों" और कार्रवाइयों को स्वीकार करने के साथ ही युद्ध और विनाश की नीति को त्याग पड़ोसी देशों के साथ बेहतर संबंधों की दिशा में कदम बढ़ाने चाहिए।

यह बयान उस समय आया है जब तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पुष्टि की कि पाकिस्तानी सैन्य हमलों में 13 नागरिकों की मौत हुई है, जिनमें अधिकांश बच्चे शामिल हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर करजई ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, "पाकिस्तान अपनी गलत नीतियों और क्षेत्र में अपनाए गए टकरावपूर्ण रवैये के परिणाम भुगत रहा है। उन्होंने कहा कि इन नीतियों को जारी रखकर पाकिस्तान अपने उद्देश्यों को हासिल नहीं कर सकेगा। पाकिस्तान की भलाई इसी में है कि वह अफगानिस्तान के प्रति युद्ध और विनाश की नीति छोड़कर अच्छे पड़ोसी और सभ्य संबंधों को प्राथमिकता दे।"

वहीं, तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने भी हमलों की निंदा करते हुए कहा कि मंगलवार रात पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान के कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में नागरिकों के घरों को निशाना बनाया।

मुजाहिद के अनुसार, इन हमलों में 11 बच्चों, एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य महिलाएं और बच्चे घायल हो गए। उन्होंने इसे "मानवीय अपराध" और "आक्रामक कार्रवाई" करार दिया।

तालिबान प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है और नागरिक आबादी को निशाना बनाया है, जिसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।

पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। दोनों देशों की सीमाओं पर कई बार गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं और नागरिक की मौत को लेकर चिंता भी बढ़ी है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ाने के आरोप लगाते रहे हैं, जबकि कूटनीतिक और स्थानीय स्तर पर विवाद सुलझाने के प्रयास अब तक सफल नहीं हो सके हैं।

पिछले महीने भी अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के डांगम जिले में पाकिस्तानी सेना की कथित कार्रवाई में तीन लोगों की मौत और 14 अन्य के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।

तालिबान प्रशासन के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, उस हमले में दो स्कूल, एक स्वास्थ्य केंद्र और दो मस्जिदें भी क्षतिग्रस्त हो गई थीं। डांगम जिले के गवर्नर मोहम्मद उमर सादिक ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अब सीधे सैन्य लक्ष्यों पर हमला करने के बजाय नागरिक प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहा है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि कुनार प्रांत में पाकिस्तानी कार्रवाइयों की शुरुआत से अब तक 12 स्कूल नष्ट हो चुके हैं।

--आईएएनएस

केआर/