वित्त मंत्री सीतारमण ने कतर के कारोबारियों से भारत में निवेश और व्यापार के अवसर तलाशने की अपील की
दोहा, 30 सितंबर (आईएएनएस)। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कतरी बिजनेसमैन एसोसिएशन (क्यूबीए) से भारत में व्यापार और निवेश में साझेदारी की संभावनाओं को सक्रिय रूप से तलाशने और द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की अपील की। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।
बातचीत के दौरान, वित्त मंत्री ने दोनों देशों में उभरते आर्थिक अवसरों पर चर्चा की।
वित्त मंत्री ने दोहा में क्यूबीए की बिजनेस राउंडटेबल को संबोधित के दौरान भारत की मजबूत स्ट्रक्चरल ग्रोथ की रफ्तार का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 26 की पहली तिमाही में वास्तविक जीडीपी ग्रोथ बढ़कर 7.8 प्रतिशत हो गई और वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद निवेश में 11.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, जापान क्रेडिट रेटिंग (जेसीआर) द्वारा भारत की लॉन्ग-टर्म इश्यूअर रेटिंग को बीबीबी प्लस से बढ़ाकर ए माइन्स करना भी भारत में चल रहे स्ट्रक्चरल सुधारों में भरोसे का संकेत माना गया।
भारत ने वित्त वर्ष 26 में अब तक का सबसे ज्यादा सालाना ग्रॉस एफडीआई इनफ्लो 94.53 अरब डॉलर दर्ज किया, जो पिछले 15 सालों में सबसे ज्यादा है।
इससे पहले, वित्त मंत्री सीतारमण ने कतर के विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. अहमद बिन मोहम्मद अल-सईद से मुलाकात की।
डॉ. अल-सईद ने 2025 में अपनी भारत यात्रा को गर्मजोशी से याद किया और कहा कि भारत में कई इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर - जैसे पोर्ट, एयरपोर्ट, हाईवे और बिजली - में निवेश की काफी गुंजाइश है। साथ ही, भारतीय कंपनियों के लिए कतर में फूड सिक्योरिटी, फार्मास्यूटिकल्स, पेट्रोकेमिकल्स, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्टार्ट-अप जैसे क्षेत्रों में निवेश के मौके हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि भारत कतर के साथ व्यापार और निवेश बढ़ाने को बहुत महत्व देता है, और उन्होंने "फरवरी 2025 में कतर के अमीर की राजकीय यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को 'स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप' के स्तर तक ले जाने" का भी जिक्र किया।
उन्होंने रिश्तों को रणनीतिक आयाम देने के लिए व्यापार और निवेश को अहम आधार बताया।
सरकारी बयान के मुताबिक, वित्त मंत्री ने भारत और कतर तथा अन्य खाड़ी देशों के बीच सामान्य व्यापार को फिर से शुरू करने के महत्व पर जोर दिया, जिसमें होर्मुज स्ट्रेट से बिना किसी रुकावट के समुद्री आवाजाही और व्यापार शामिल है।
--आईएएनएस
एबीएस