☰
×

एक बड़ी त्रासदी टल गई, सड़क निर्माण करने वाली कंपनी की भारी लापरवाही को दर्शाता है ये हादसा : पप्पू यादव

 

पटना, 23 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ ​​पप्पू यादव के काफिले में शामिल एक वाहन रविवार देर रात कटिहार-सनहौली सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए थे।

इस घटना के बाद, पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर सड़क की खराब हालत को लेकर चिंता जताई और ठेकेदार तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में सांसद ने लिखा, "जिसकी रक्षा ईश्वर करे, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता..." उन्होंने बताया कि उनके काफिले में शामिल एक एस्कॉर्ट वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया, लेकिन ईश्वर की कृपा और शुभचिंतकों की दुआओं से सभी सुरक्षित हैं।

पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि बेलौरी-सनहौली-सलमारी मुख्य सड़क बाढ़ के समय से ही क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसकी ठीक से मरम्मत नहीं की गई है। उन्होंने कहा, "ठेकेदार की भारी लापरवाही और पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों की उदासीनता के कारण एस्कॉर्ट वाहन एक गड्ढे में गिर गया।"

सांसद ने आगे आरोप लगाया कि दुर्घटनास्थल के पास कोई चेतावनी संकेत, उचित डायवर्जन, सुरक्षा बैरियर या सड़क मार्ग बताने वाले निशान नहीं थे। उन्होंने ठेकेदार, कार्यकारी अभियंता और उप-विभागीय अधिकारी (एसडीओ) को जिम्मेदार ठहराते हुए सवाल उठाया कि क्षतिग्रस्त सड़क पर बुनियादी सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे।

सांसद ने कहा कि अगर बारिश न हुई होती, तो यह दुर्घटना और भी गंभीर हो सकती थी। बारिश की वजह से मिट्टी गीली और नरम थी, जिससे वाहन के टकराने का असर कम हो गया। उन्होंने बताया, "इस दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। किसी की गर्दन में चोट आई है, तो किसी के माथे या पीठ पर। हमने उन्हें उचित इलाज के लिए भेज दिया है।"

घटना पर हैरानी जताते हुए सांसद ने कहा कि इस घटना ने उन्हें अंदर तक हिला दिया है। उन्होंने सवाल किया, "एक बड़ी त्रासदी टल गई, लेकिन यह सड़क निर्माण करने वाली कंपनी की भारी लापरवाही को दर्शाता है। न कोई खतरे का निशान, न कोई चेतावनी! क्या अधिकारियों के जागने के लिए हमें किसी बड़ी तबाही का इंतजार करना होगा?"

--आईएएनएस

एसडी/एएस