बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का मंडरा रहा खतरा, मछुआरों को समुद्र में न जाने की दी गई चेतावनी
चेन्नई, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी जारी की गई है। शनिवार को मछुआरों को सलाह दी गई कि वे रविवार से अगले पांच दिनों तक खुले समुद्र में न जाएं।
वहीं, तमिलनाडु के कई जिलों में आंधी-तूफान और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की आशंका है। चेन्नई मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में बताया कि 22 अक्टूबर को कोमोरिन क्षेत्र और उससे सटे दक्षिणी तमिलनाडु तथा केरल के ऊपर बना एक मौसमी सिस्टम 23 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे तक दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और पड़ोसी लक्षद्वीप क्षेत्र की ओर खिसक गया था।
समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊपर केरल से होते हुए उत्तरी तमिलनाडु तट की ओर जा रही एक वायुमंडलीय ट्रफ इस पूरे क्षेत्र में बारिश को प्रभावित कर रही थी। शनिवार के लिए, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों के कुछ हिस्सों में तथा कोयंबटूर, नीलगिरी और थेनी के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया था।
इसके अलावा, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान था। इरोड, सलेम, नमक्कल, करूर, तिरुचिरापल्ली, तेनकासी, मदुरै, डिंडीगुल, विरुधुनगर और तिरुपुर सहित कई अन्य जिलों में भी बारिश होने की उम्मीद थी। चेन्नई और उसके पड़ोसी जिलों, डेल्टा क्षेत्र, पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश होने की संभावना थी।
वहीं, 25 अक्टूबर को नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, पेरम्बलुर, अरियालुर और तिरुचिरापल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। शिवगंगा, पुदुकोट्टई, रामनाथपुरम, तिरुपत्तूर, कृष्णगिरि, धर्मपुरी, तिरुवन्नामलाई, वेल्लोर और रानीपेट के साथ-साथ कई पश्चिमी और उत्तरी जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं। चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लुर, कुड्डालोर और कावेरी डेल्टा के कुछ हिस्सों में भी बारिश का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने 26 अक्टूबर को एक और दौर की तेज बारिश का अनुमान जताया है। जिसमें नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, मदुरै, शिवगंगा, रामनाथपुरम और पुदुकोट्टई के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, इरोड, सलेम, नमक्कल, करूर, तिरुप्पुर, डिंडीगुल और विरुधुनगर सहित अन्य जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।
थूथुकुडी, पेरंबलुर, अरियालुर, कल्लाकुरिची, कुड्डालोर, और तिरुवन्नमलाई के कुछ हिस्सों के साथ-साथ पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
तमिलनाडु के बाकी हिस्सों में, तीन दिनों के पूर्वानुमान के दौरान अलग-अलग जगहों पर मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मछुआरों के लिए पांच दिनों की चेतावनी रविवार से शुरू होकर गुरुवार, 29 अक्टूबर तक लागू रहेगी। इस सलाह में यह पाबंदी बंगाल की खाड़ी में बनने वाले संभावित मौसम तंत्र (वेदर सिस्टम) के मद्देनजर लगाई गई है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम