☰
×

अमेरिका में पहला पासपोर्ट बनवाना होगा आसान, 2026 से ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया

 

वॉशिंगटन, 30 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी नागरिक जो अपना पहला पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, वे अगले साल से पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी कर सकेंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने यह घोषणा तब की जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सरकारी सेवाओं के लिए एक सिंगल डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया।

इस प्रस्तावित बदलाव से पहली बार आवेदन करने वालों के लिए पासपोर्ट स्वीकार करने वाली जगह, जैसे पोस्ट ऑफिस, लाइब्रेरी या लोकल सरकारी ऑफिस, पर जाने की मौजूदा जरूरत खत्म हो जाएगी।

वाशिंगटन में 'अमेरिकाडॉटजीओवी' के लॉन्च के मौके पर रुबियो ने कहा, "अगले साल से, अमेरिकी अपने पहले पासपोर्ट के लिए पूरी तरह से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।"

यह घोषणा उन लोगों के लिए खास तौर पर अहम है जो बाद में अमेरिकी नागरिक बने हैं या जो प्रवासी समुदायों से हैं और अमेरिका में पैदा हुए हैं। इनमें लाखों भारतीय-अमेरिकी भी शामिल हैं जिन्हें विदेश यात्रा के लिए अमेरिकी पासपोर्ट की जरूरत होती है।

रुबियो ने कहा कि मौजूदा सिस्टम में, स्टेट डिपार्टमेंट की वेबसाइट पर जरूरी जानकारी मिलने के बाद भी आवेदकों को कई चरणों से गुजरना पड़ता है।

प्रस्तावित सिस्टम के तहत, आवेदक अपनी जानकारी सबमिट करने, फोटो अपलोड करने और आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 'अमेरिकाडॉटगॉव' का इस्तेमाल कर सकेंगे।

रुबियो ने कहा, "न फॉर्म प्रिंट करने की जरूरत, न ड्रगस्टोर में जाकर फोटो खिंचवाने की मजबूरी, न अपॉइंटमेंट, न लाइन, और न ही किसी बिचौलिए को पैसे देने की जरूरत, जबकि यह सुविधा आपको आसानी से मिलनी चाहिए। आप 'अमेरिकाडॉटगॉव' को बताते हैं कि आप क्या करना चाहते हैं और यह आपको हर कदम पर गाइड करता है।"

प्रशासन ने ऑनलाइन पहली बार आवेदन करने की सुविधा शुरू होने की कोई सटीक तारीख नहीं बताई, बस इतना कहा कि यह सेवा अगले साल उपलब्ध हो जाएगी।

ट्रंप ने एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किए, जिसके तहत 'अमेरिकाडॉटगॉव' को उन लोगों के लिए सेंट्रल ऑनलाइन पॉइंट बनाया गया जो फेडरल जानकारी और सेवाएं चाहते हैं।

व्हाइट हाउस ने कहा कि पासपोर्ट रिन्यूअल और मेडिकेयर एनरोलमेंट की सुविधा इस साल के आखिर में 'अमेरिकाडॉटगॉव' पर उपलब्ध हो जाएगी। पहली बार पासपोर्ट के लिए आवेदन की सुविधा, रुबियो द्वारा घोषित स्टेट डिपार्टमेंट के अलग विस्तार के तहत आएगी।

एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में 'अमेरिकाडॉटगॉव' को फेडरल सरकार के लिए एक 'यूनिफाइड डिजिटल फ्रंट डोर' (एक ही जगह से सभी डिजिटल सेवाओं तक पहुंच) बताया गया।

ऑर्डर में कहा गया, "अमेरिकाडॉटगॉव सिर्फ एक और वेबसाइट, सर्च इंजन या सरकारी लिंक की डायरेक्टरी नहीं होगी।"

इसमें कहा गया कि यूजर साइन इन कर सकेंगे, आसान भाषा में सवाल पूछ सकेंगे, जवाब पा सकेंगे और कानूनी तौर पर अधिकृत और तकनीकी रूप से उपलब्ध होने पर ट्रांजैक्शन पूरे कर सकेंगे। जनरल सर्विसेज एडमिनिस्ट्रेशन, नेशनल डिजाइन स्टूडियो और ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट एंड बजट (ओएमबी) को यह प्लेटफॉर्म चलाने और इसे फेडरल सरकार की मौजूदा ऑथेंटिकेशन सर्विस, 'लॉगइनडॉटगॉव' से जोड़ने का निर्देश दिया गया था।

यह आदेश उन ऑनलाइन फेडरल सेवाओं पर लागू होता है जिनका इस्तेमाल 12 महीने की अवधि में 1,000 से ज्यादा लोग करते हैं। इसमें इंटरनल रेवेन्यू सर्विस (आईआरएस) की टैक्स फाइलिंग और रक्षा व इंटेलिजेंस एजेंसियों द्वारा दी जाने वाली राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील सेवाओं को शामिल नहीं किया गया है।

ओएमबी को इसे लागू करने के लिए गाइडेंस जारी करने के लिए 90 दिन का समय दिया गया था। इसके बाद एजेंसियों को योग्य सेवाओं की पहचान करनी होगी और अपने डिजिटल फॉर्म, डैशबोर्ड और एप्लिकेशन सिस्टम को 'अमेरिकाडॉटगॉव' से जोड़ना होगा।

आदेश के अनुसार, प्लेटफॉर्म को डेटा कलेक्शन कम से कम रखना होगा, सुरक्षित ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करना होगा और सरकारी रिकॉर्ड पर एजेंसी का कंट्रोल बनाए रखना होगा। इसमें यह भी कहा गया है कि लोगों को मौजूदा इन-पर्सन (आमने-सामने), टेलीफोन, डाक और एजेंसी-विशिष्ट सेवाओं का एक्सेस मिलता रहना चाहिए।

पहली बार वयस्क पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों को अभी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना पड़ता है, अमेरिकी नागरिकता और पहचान का सबूत देना होता है, फोटो देनी होती है और जरूरी फीस जमा करनी होती है। मौजूदा पासपोर्ट को रिन्यू कराने वाले योग्य वयस्क यह प्रक्रिया पहले से ही ऑनलाइन पूरी कर सकते हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/एएस