×

फराह खान ने 'लॉक अप' को बताया अपना ड्रीम जॉब, बोलीं-अब तक का सबसे बेहतरीन रियलिटी शो

 

मुंबई, 27 जुलाई (आईएएनएस)। फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान इन दिनों रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' में को-होस्ट के तौर पर नजर आ रही हैं। उन्होंने इस शो के सफर को यादगार बताया। फराह ने कहा कि इस शो को होस्ट करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। इस शो को होस्ट करना एक ड्रीम जॉब जैसा है।

फराह खान ने शो के बारे में बात करते हुए कहा, ''हर कोई जानता है कि मुझे रियलिटी टीवी का कितना शौक है। इसलिए जब मैं कहती हूं कि 'लॉक अप' अब तक देखा गया सबसे बेहतरीन रियलिटी शो है, तो मैं सच में ऐसा महसूस करती हूं। यह सिर्फ मेरे होस्ट करने की वजह से नहीं है, बल्कि एक दर्शक के तौर पर भी मुझे यह शो काफी पसंद है।''

उन्होंने कहा, ''शो को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैं जहां भी जाती हैं, लोग मुझसे 'लॉक अप' के बारे में बात करते हैं। चाहे वह इंडस्ट्री के दोस्त हों, एयरपोर्ट पर मिलने वाले लोग हों, शूटिंग के दौरान मिलने वाले लोग हों या फिर फैंस, हर कोई इस शो से जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है। यह शो अब सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं रह गया है, बल्कि एक बड़ा पॉप कल्चर फेनोमेनन बन चुका है।''

फराह ने बताया, ''शो की निर्माता एकता कपूर और नेटफ्लिक्स ने मुझे और अभिनेता रितेश देशमुख को ऐसे अनुभव का हिस्सा बनने का मौका दिया, जहां हमने कंटेस्टेंट्स की जिंदगी के कई अनदेखे पहलुओं को करीब से देखा। शो में सिर्फ लड़ाई और बहस नहीं होती, बल्कि इसमें लोगों के बदलाव और खुद को समझने की प्रक्रिया भी दिखाई जाती है। यह ऐसा शो है जहां लोग खुद को पहचानते हैं, एक-दूसरे से जुड़ते हैं और कई बार अपनी गलतियों से आगे बढ़ने का रास्ता खोजते हैं।''

फराह ने नेटफ्लिक्स का धन्यवाद करते हुए कहा, 'लॉक अप' को होस्ट करना मेरे लिए एक सपने जैसा अनुभव रहा है।

शो के दूसरे होस्ट रितेश देशमुख ने भी इसकी सफलता को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ''शो को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया शानदार रही है और तीन हफ्तों में 50 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार करना इस बात का सबूत है कि लोगों ने शो से गहरा जुड़ाव महसूस किया है। इस सफर ने मुझे यह समझाया कि हर इंसान के अंदर एक ऐसी कहानी होती है, जिसे पहली नजर में नहीं देखा जा सकता।''

उन्होंने आगे कहा, ''शो के दौरान कंटेस्टेंट्स को अपने डर, कमजोरियों और छिपी हुई भावनाओं का सामना करते देखना काफी भावुक अनुभव रहा। 'लॉक अप' ने उन मुद्दों पर बातचीत शुरू की है, जिनके बारे में अक्सर लोग खुलकर बात नहीं करते। आप भावनाओं को स्क्रिप्ट नहीं कर सकते और शायद यही वजह है कि यह शो इतने लोगों से जुड़ पाया है।''

--आईएएनएस

पीके/वीसी