मध्य प्रदेश: रिटायर्ड फौजी ने खोए हुए पालतू तोते के लिए 21 हजार रुपए का रखा इनाम, सुरक्षित वापसी तक रखेंगे व्रत
शहडोल, 9 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले स्थित सोहागपुर में एक अनोखी और भावुक घटना सामने आई है। एक रिटायर्ड फौजी ने अपने खोए हुए पालतू तोते को वापस लाने में मदद करने वाले व्यक्ति को 21 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। यह अपील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
सोहागपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाणगंगा मेला मैदान के पास रहने वाले चंदन मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर तोते के उड़ जाने पर गहरा दुख जताया है।
परिवार ने पहले तोते को खोजने वाले के लिए 11 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था, लेकिन उसे वापस पाने की उम्मीद में रविवार को यह राशि बढ़ाकर 21 हजार रुपए कर दी गई।
चंदन मिश्रा ने वीडियो में बताया कि करीब एक साल पहले वह यह छोटा तोता पड़ोसी जिले अनूपपुर के अमरकंटक से लाए थे।
परिवार ने उसे बहुत प्यार और देखभाल से पाला। धीरे-धीरे वह घर के सभी लोगों से घुल-मिल गया।
परिवार उसे प्यार से ‘गोपी’ और ‘मिट्ठू’ कहकर बुलाता था। हरे रंग के इस तोते की गर्दन पर काला घेरा है और उसकी पीठ के पंख भी खास पहचान रखते हैं।
रिटायर्ड फौजी के अनुसार, यह तोता परिवार के सदस्यों की आवाज की नकल कर लेता था और कुछ शब्द भी बोलता था।
तोते की इन खास खूबियों और उसकी पहचान को सोशल मीडिया पर जारी पोस्टरों में भी बताया गया है, ताकि लोग उसे आसानी से पहचान सकें।
परिवार के बच्चे शनिवार को तोते के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान वह अचानक उड़ गया और फिर दिखाई नहीं दिया।
शाम तक परिवार को उम्मीद थी कि वह खुद वापस लौट आएगा, लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ तो उन्होंने आसपास की छतों, पेड़ों और दूसरे इलाकों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
भावुक चंदन मिश्रा ने घोषणा की है कि जब तक गोपी सुरक्षित घर वापस नहीं आ जाता, तब तक वह व्रत रखेंगे।
परिवार ने एक स्थानीय पंडित से भी संपर्क किया है और तोते की सुरक्षित वापसी के लिए विशेष हवन-पूजन कराने की योजना बनाई है।
इस भावुक अपील और इनाम की घोषणा ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है। कई लोग पोस्टर और वीडियो साझा कर रहे हैं, ताकि बोलने वाले इस तोते का पता चल सके और वह दोबारा अपने मालिक के पास लौट सके।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी