डबलिन में जुटे यूरोपीय संघ के नेता, एआई और यूक्रेन शांति प्रयासों पर हुई चर्चा
डबलिन, 13 नवंबर (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) के सदस्य देशों के नेता शुक्रवार को आयरलैंड की राजधानी डबलिन में एक अनौपचारिक शिखर सम्मेलन के लिए एकत्र हुए। बैठक की की मेजबानी आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन ने और अध्यक्षता यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने की।
इस बैठक में मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), आर्थिक प्रतिस्पर्धा और यूक्रेन संघर्ष को खत्म करने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा की गई। इसमें ईयू के सभी 27 सदस्य देशों के नेताओं ने कन्वेंशन सेंटर डबलिन में हिस्सा लिया।
यूरोपीय परिषद के अनुसार, यह पहली बार है जब ईयू के नेताओं ने एआई को लेकर विशेष रणनीतिक चर्चा की है। बैठक में यूरोप की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने, तकनीकी निर्भरता कम करने और अपनी खुद की एआई क्षमताओं को विकसित करने पर जोर दिया गया।
नेताओं ने आर्थर मेंश, जो फ्रांसीसी एआई कंपनी 'मिस्ट्रल' के सीईओ हैं, के साथ वैश्विक एआई परिदृश्य में यूरोप की स्थिति पर विचार-विमर्श किया। वहीं, नोबेल पुरस्कार विजेता जियोफ्री हिंटन ने एआई सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, रोजगार और समाज पर इस तकनीक के व्यापक प्रभाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा में हिस्सा लिया।
बैठक का एक और बड़ा मुद्दा यूक्रेन संघर्ष रहा। नेताओं ने अबू धाबी में हुई हालिया शांति वार्ताओं की समीक्षा की और बातचीत में यूरोप की भूमिका पर चर्चा की। इसमें यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने और इस मुद्दे पर ईयू का साझा रुख तैयार करने पर भी विचार किया गया।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह बैठक गुरुवार को उसी स्थान पर हुए नौवें यूरोपियन पॉलिटिकल कम्युनिटी (ईपीसी) शिखर सम्मेलन के बाद आयोजित की गई। इस दौरान यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यूरोपीय संघ रूस के खिलाफ 22वें प्रतिबंध पैकेज और 2027 में यूक्रेन की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए एक नए प्रस्ताव की तैयारी कर रहा है।
डबलिन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए वॉन डेर लेयेन ने कहा कि दोनों प्रस्ताव अगले यूरोपीय परिषद की बैठक से पहले पेश किए जाएंगे। उन्होंने कहा, "हम अगले यूरोपीय परिषद सत्र से पहले प्रतिबंधों का नया पैकेज और यूक्रेन की वित्तीय जरूरतों से जुड़ा प्रस्ताव लेकर आएंगे।"
वॉन डेर लेयेन ने अबू धाबी में हुई हालिया शांति वार्ता का स्वागत किया और कहा कि वार्ता प्रक्रिया में यूरोप की मौजूदगी जरूरी है ताकि ईयू के हितों की रक्षा की जा सके। उन्होंने कहा, "हम यूक्रेन का समर्थन करेंगे, चाहे युद्ध का समय हो या शांति का।"
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी