पूरा बंगाल ममता बनर्जी के लिए प्रार्थना कर रहा, हमें जीत का पूरा भरोसा : कुणाल घोष
कोलकाता, 4 मई (आईएएनएस)। बेलेघाटा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कुणाल घोष ने पश्चिम बंगाल चुनाव में टीएमसी की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें बंगाल की जनता पर पूरा भरोसा है। जनता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जीत के लिए प्रार्थना कर रही है और पार्टी पर उसका आशीर्वाद है।
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने शुरुआती रुझानों के बारे में पूछे जाने पर आईएएनएस से कहा, "हम शुरुआती रुझानों पर ध्यान भी नहीं दे रहे हैं, क्योंकि हमें बेलेघाटा की जनता, बंगाल के नागरिकों, कार्यकर्ताओं और साथियों पर पूरा भरोसा है। पूरे बंगाल में लोग ममता दीदी की जीत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और उन पर अपना आशीर्वाद बरसा रहे हैं। हमें उन पर पूरा विश्वास है।"
उन्होंने कहा कि पोस्टल बैलेट में आंकड़े ऊपर-नीचे हो सकते हैं, लेकिन शुरुआती आंकड़ों को देखकर पूरे नतीजे नहीं निकाले जा सकते हैं। पूरे बंगाल का ममता बनर्जी को आशीर्वाद है। हमें भरोसा है कि चुनाव में जीत होगी।
ईवीएम पर भरोसे को लेकर कुणाल घोष ने कहा, "मुझे चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है। रविवार देर रात तक उन्होंने परेशान किया। कभी सीसीटीवी बंद कर दिए जाते हैं, तो कभी वे कहते हैं कि मोबाइल की इजाजत नहीं होगी और पेन की भी नहीं। तो फिर, काउंटिंग एजेंट करेगा क्या? वह चीजें नोट कैसे करेगा।"
इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा। कुणाल घोष ने कहा, "भाजपा के नेता कहते हैं कि उल्टा करके लटका देंगे। वे लोकल गुंडे की भाषा बोलते हैं। अभी वे चुनाव के बाद की हिंसा का नाटक करेंगे। हम शांति चाहते हैं। भाजपा केंद्रीय बलों को भेजकर हमारे कार्यकर्ताओं को उठाना चाहती है, लेकिन हम उसकी चाल में नहीं फंसेंगे।"
हालांकि, पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजे टीएमसी नेता के दावों के उलट नजर आ रहे हैं। अब तक के रुझानों में भाजपा ने 117 सीटों पर बढ़त हासिल कर ली है, जबकि टीएमसी महज 70 सीटों पर आगे चल रही है।
--आईएएनएस
डीसीएच/