×

स्पेसएक्स और टेस्ला के शेयरों में गिरावट का असर, एलन मस्क की संपत्ति 600 अरब डॉलर घटी

 

नई दिल्ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क की संपत्ति में 600 अरब डॉलर से अधिक की गिरावट आई है। इसकी वजह स्पेसएक्स और टेस्ला के शेयरों में कमजोरी आना है।

मस्क की संपत्ति 16 जून के अपने उच्चतम स्तर 1.33 ट्रिलियन डॉलर से करीब आधी होकर 684 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। इतनी गिरावट के बाद भी ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं।

मस्क की संपत्ति में गिरावट का बड़ा योगदान स्पेसएक्स के शेयरों में आई कमजोरी का है।

स्पेसएक्स ने जून में 75 अरब डॉलर इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) के जरिए जुटाए थे। यह अब तक किसी कंपनी द्वारा लाया गया सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू था। आईपीओ की लिस्टिंग इश्यू प्राइस 135 डॉलर प्रति शेयर के मुकाबले 150 डॉलर प्रति शेयर पर हुई।

शुरुआत में निवेशकों में स्पेसएक्स को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया और लिस्टिंग के कुछ दिनों में ही शेयर बढ़कर 16 जून को 202 डॉलर पर पहुंच गया।

हालांकि, यह तेजी ज्यादा समय तक नहीं चली। तब से स्पेस एक्स के शेयर अपने सबसे ऊंचे स्तर से लगभग 46 प्रतिशत गिरकर 108.37 डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गए हैं, जिससे मस्क की संपत्ति से अरबों डॉलर कम हो गए हैं।

टेस्ला के शेयरों में गिरावट ने मस्क की संपत्ति पर दबाव और बढ़ा दिया है। 22 जुलाई को कंपनी की दूसरी तिमाही की कमाई की रिपोर्ट आने के बाद से इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली इस कंपनी के शेयर 17 प्रतिशत तक गिर गए हैं।

दो साल से ज्यादा समय में पहली बार टेस्ला एनालिस्ट के मुनाफे के अनुमानों पर खरी नहीं उतरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रोबोटिक्स पर खर्च बढ़ने के कारण नेगेटिव फ्री कैश फ्लो दर्ज किया।

कंपनी ने कहा कि एआई निवेश से जुड़े ज्यादा ऑपरेटिंग खर्च, कम औसत बिक्री मूल्य और रेगुलेटरी क्रेडिट से कम आय के कारण गाड़ियों की डिलीवरी बढ़ने के बावजूद मुनाफे पर असर पड़ा।

अल्पकालिक वित्तीय दबाव के बावजूद, मस्क आक्रामक निवेश रणनीति पर कायम हैं।

उन्होंने कहा है कि टेस्ला इस साल 25 अरब डॉलर से अधिक खर्च करने की योजना बना रही है, जो पिछले साल किए गए निवेश का लगभग तीन गुना है, जिससे एआई-पावर्ड सेल्फ-ड्राइविंग टेक्नोलॉजी, रोबोटैक्सी और ह्यूमनॉइड रोबोट में अपनी क्षमताएं बढ़ाई जा सकें।

--आईएएनएस

एबीएस