×

यूडीपी विधायकों के भाजपा में शामिल होने से एमडीए सरकार पर असर नहीं पड़ेगा: कॉनराड संगमा

 

शिलांग, 23 सितंबर (आईएएनएस)। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने बुधवार को कहा कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के आठ विधायकों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने से नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेतृत्व वाली मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (एमडीए) सरकार के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा ने कैबिनेट में नए मंत्री पद की कोई मांग नहीं की है।

यूडीपी के आठ विधायक बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गए। इसके साथ ही 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या दो से बढ़कर 10 हो गई।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए संगमा ने कहा कि यह विधायकों का अपना फैसला है और इसका संबंध दो राजनीतिक दलों से है। इसका एनपीपी पर कोई सीधा असर नहीं है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''यह दो राजनीतिक दलों के बीच का मामला है और संबंधित विधायकों का फैसला है। इसका एनपीपी से कोई लेना-देना नहीं है। यह पूरी तरह विधायकों की इच्छा और उनका फैसला है, इसलिए इस पर मेरी कोई टिप्पणी नहीं है।''

संगमा ने कहा कि यूडीपी और भाजपा दोनों ही सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा हैं। ऐसे में एक सहयोगी दल से दूसरे सहयोगी दल में विधायकों के जाने से एमडीए गठबंधन की कुल संख्या में कोई बदलाव नहीं आया है।

उन्होंने कहा, ''गठबंधन की संख्या पहले जैसी ही है, क्योंकि यह बदलाव गठबंधन के भीतर ही हुआ है। इसलिए इससे हमारी सरकार के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।''

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक समीकरणों में बदलाव होने के बावजूद सरकार के पास विधानसभा में साधारण बहुमत है और सरकार सामान्य रूप से काम करती रहेगी।

हालांकि, उन्होंने माना कि इस घटनाक्रम से यूडीपी और भाजपा के बीच कुछ चिंताएं पैदा हो सकती हैं, क्योंकि एक सहयोगी दल के विधायक दूसरे सहयोगी दल में चले गए हैं।

संगमा ने कहा, ''दोनों राजनीतिक दलों के बीच कुछ चिंताएं जरूर होंगी, क्योंकि एक पार्टी के विधायक उसे छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल हुए हैं। इसलिए दोनों दलों को आपस में इस मुद्दे को सुलझाना होगा।''

भाजपा की विधानसभा में बढ़ी ताकत के बाद कैबिनेट में फेरबदल की संभावना पर मुख्यमंत्री ने फिलहाल किसी बदलाव से इनकार किया।

उन्होंने कहा, ''मैं पहले ही स्पष्ट कर चुका हूं कि इससे किसी चीज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।''

यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा ने कैबिनेट में अतिरिक्त मंत्री पद की मांग की है, संगमा ने कहा, ''नहीं, उन्होंने कुछ भी नहीं मांगा है।''

भाजपा की बढ़ती ताकत से उनके नेतृत्व के लिए कोई चुनौती पैदा होने के सवाल पर संगमा ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई खतरा नहीं है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल स्वाभाविक रूप से अपना संगठन और जनाधार बढ़ाने की कोशिश करता है। एनपीपी भी अपने समर्थन आधार को मजबूत करने का काम जारी रखेगी।

संगमा ने कहा, ''हमें यह सुनिश्चित करने के लिए काम करना होगा कि हमारा जनाधार मजबूत बना रहे।'' उन्होंने दोहराया कि एनपीपी अपनी अलग राजनीतिक पहचान को बनाए रखते हुए आगे बढ़ती रहेगी।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी