×

आंध्र प्रदेश के कुरनूल में लॉरी से कार की टक्कर में आठ तीर्थयात्रियों की मौत

 

कुरनूल, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के कुर्नूल जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा मन्ट्रालयम मंडल के चिलकलडोना इलाके के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो गाड़ी की टक्कर लॉरी से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्री गाड़ी में फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अधिकारियों के मुताबिक हादसे में कुल 8 लोगों की जान गई है। इनमें से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में करीब 10 से 12 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत एम्मिगनूर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक कर्नाटक के रहने वाले श्रद्धालु थे, जो मंत्रालयम मंदिर दर्शन के लिए आए थे। वापस लौटने के दौरान यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम तेजी से किया।

इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी वजह साफ हो पाएगी।

गौरतलब है कि यह हादसा हाल ही में पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में हुए बस हादसे के बाद सामने आया है, जिसमें 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और करीब 20 लोग घायल हुए थे। यह बस आनंदपुर साहिब से बैसाखी के मौके पर दर्शन कर लौट रही थी, तभी रास्ते में खराबी आने के बाद पलट गई। बस में करीब 40 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। घायलों का इलाज फिलहाल नजदीकी अस्पतालों में जारी है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम