☰
×

गाजा से इजरायल की पूरी वापसी हो, अंतरराष्ट्रीय बल करे युद्धविराम की निगरानी: मिस्र के राष्ट्रपति

 

काहिरा, 23 नवंबर (आईएएनएस)। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने सोमवार को गाजा पट्टी से इजरायल की पूरी वापसी और युद्धविराम की निगरानी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल की तैनाती की मांग की।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, मिस्र की राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि काहिरा में इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिसी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि गाजा प्रशासन के लिए बनाई गई राष्ट्रीय समिति को उसके अंतरिम कार्यों को गाजा के भीतर से ही संचालित करने का पूरा अधिकार दिया जाना चाहिए।

सिसी ने युद्धविराम को बनाए रखने की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि इजरायल को समझौते के पहले चरण में किए गए अपने सभी वादों को पूरा करना चाहिए। इसमें गाजा में मानवीय सहायता और पुनर्निर्माण से जुड़ी जरूरी सामग्री पहुंचाने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे और अस्पतालों के पुनर्वास का काम भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि समझौते के दूसरे चरण का उद्देश्य यह होना चाहिए कि फिलिस्तीनी लोगों को आत्मनिर्णय का अधिकार मिले और वे अंतरराष्ट्रीय प्रस्तावों के अनुसार 4 जून 1967 की सीमाओं के आधार पर अपना स्वतंत्र देश स्थापित कर सकें, जिसकी राजधानी पूर्वी यरुशलम हो।

दोनों नेताओं ने अपनी बातचीत में क्षेत्रीय हालात पर भी चर्चा की। उन्होंने सहमति जताई कि अरब देशों की सामूहिक कार्यप्रणाली को मजबूत करना जरूरी है, ताकि अरब देशों की राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा की जा सके और उनकी एकता, संप्रभुता तथा संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

मिस्र और इराक ने समुद्री सुरक्षा के मुद्दे पर भी जोर दिया। दोनों पक्षों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत समुद्री मार्गों की सुरक्षा, सुरक्षित संचालन और नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने खाड़ी क्षेत्र, बाब-अल-मंदेब स्‍ट्रेट और लाल सागर (रेड सी) में जहाजों की आवाजाही में बाधा डालने की किसी भी कोशिश का विरोध किया।

सिसी ने दोहराया कि लाल सागर की सुरक्षा और उसके प्रशासन का अधिकार केवल उसके तटीय अरब और अफ्रीकी देशों के पास ही होना चाहिए।

जल सुरक्षा के मुद्दे पर दोनों नेताओं ने पानी की कमी और बढ़ते मरुस्थलीकरण से निपटने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई। उन्होंने सीमा पार बहने वाली नदियों और जल स्रोतों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करने, एकतरफा कदमों का विरोध करने और पूर्व सूचना, आपसी परामर्श तथा सहमति के सिद्धांतों का सम्मान करने पर जोर दिया।

--आईएएनएस

एवाई/एमएस