मिस्र में भीषण टैंकर हादसे का आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार, टक्कर के बाद टायर फटने से हुआ हादसा
काहिरा, 26 नवंबर (आईएएनएस)। मिस्र की राजधानी काहिरा के पास बुधवार की रात को एक ईंधन टैंकर हादसे के आरोपी कार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हादसे में लगी भीषण आग में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए।
मिस्र के लोक अभियोजन (पब्लिक प्रॉसिक्यूशन) ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने माना कि वह 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रहा था और दूसरे वाहनों को ओवरटेक करते समय लेन बदल रहा था। इसी दौरान उसकी कार का सामने वाला बायां हिस्सा टैंकर के पीछे वाले दाएं हिस्से से टकरा गया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, अभियोजन पक्ष ने बताया कि टक्कर लगने से टैंकर का एक टायर फट गया और टैंकर कंक्रीट की बैरियर से टकराकर पलट गया। टैंकर से निकला पेट्रोल सड़क पर फैल गया, जिसमें बाद में आग लग गई और बड़ा हादसा हो गया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे से हुए नुकसान और क्षति का आकलन किया जा रहा है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
गुरुवार को अस्पतालों में घायलों से मुलाकात के दौरान मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबौली ने कहा कि उन्होंने सामाजिक एकजुटता मंत्रालय और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को सबसे बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए और पीड़ित परिवारों को अधिकतम संभव मुआवजा दिया जाए।
अभियोजन ने अज्ञात मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए जांच कराने का भी आदेश दिया है। साथ ही बताया कि मृतकों की अंतिम संख्या और संपत्ति के नुकसान का आंकलन अभी जारी है। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
राष्ट्रपति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दी जाए, हादसे वाली जगह को जल्द साफ कराया जाए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। सामाजिक एकजुटता मंत्री माया मोर्सी ने राहत कार्यों के लिए मिस्र रेड क्रिसेंट के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने पहले जारी बयान में बताया था कि बचाव अभियान में 39 एंबुलेंस लगाई गई थीं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार खुद अस्पतालों का दौरा कर घायलों की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी