☰
×

मनी लॉन्ड्रिंग जांच में ईडी ने राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को भेजा समन

 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक कथित मामले में पूछताछ के लिए राज्यसभा के मनोनीत सांसद और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू को समन भेजा है। यह मामला 'व्यूनाउ' ग्रुप की कंपनियों से जुड़ा है, जो कथित तौर पर पोंजी स्कीम चलाने के आरोप में जांच के दायरे में हैं।

अधिकारियों के अनुसार, संधू को 'व्यूनाउ' ग्रुप की कंपनियों से कुछ फंड मिला था। उन्हें इन लेन-देन की प्रकृति और उद्देश्य की पुष्टि करने के लिए बुलाया गया है। हालांकि, उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध में किसी प्रत्यक्ष भूमिका के आरोप में नहीं बुलाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि संधू को पहले 12 नवंबर को एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था। लेकिन उनके पेश न होने के कारण, अब उन्हें 25 नवंबर को हाजिर होने का निर्देश दिया गया है। यह जांच 'व्यूनाउ' कंपनी से जुड़ी है, जिस पर कई करोड़ रुपये के 'क्लाउड पार्टिकल स्कैम' को अंजाम देने का आरोप है। आरोप है कि इसके जरिए आरोपियों ने आम लोगों द्वारा निवेश किए गए पैसे को हड़प लिया।

ईडी के जालंधर जोनल ऑफिस ने संधू को यह समन जारी किया है। एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पूछताछ का मकसद कुछ वित्तीय लेन-देन की प्रकृति और उद्देश्य का पता लगाना है। कंपनी और उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पर कई हजार करोड़ रुपये के 'क्लाउड पार्टिकल स्कैम' को अंजाम देने का आरोप है, जिसमें निवेशकों के पैसे को कथित तौर पर निजी फायदे के लिए इस्तेमाल किया गया।

फरवरी में जारी एक बयान में ईडी ने कहा था कि 'क्लाउड पार्टिकल' का मुख्य कारोबार, जो 'सेल एंड लीज बैक' (एसएलबी) मॉडल पर आधारित था, असल में "मौजूद ही नहीं था और निवेशकों को धोखा देने के लिए इसे बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया था।"

एजेंसी इस ग्रुप से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं और फंड की आवाजाही की जांच कर रही है। ईडी ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि डेटा सेंटर के ग्राहकों से कोई किराया नहीं मिला, या बहुत मामूली रकम मिली। असल में, 'व्यूनाउ' ग्रुप का पूरा कारोबार केवल एक 'मनी रोटेशन स्कीम' (पैसा घुमाने की योजना) निकला।

--आईएएनएस

एसडी/एएस