☰
×

ईडी ने जमीन हड़पने के अवैध मामले में बंगाल के 3 कारोबारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की

 

कोलकाता, 20 नवंबर (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कोलकाता में 'प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट' की एक विशेष अदालत में पश्चिम बंगाल के तीन कारोबारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। ​​यह मामला राज्य में करोड़ों रुपए की अवैध जमीन हड़पने से जुड़ा है।

चार्जशीट में तीन व्यापारियों अमित गंगोपाध्याय, रामप्रसाद मुखर्जी और देबाशीष चौधरी पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाके में स्थित गरिया और उसके आस-पास के क्षेत्रों में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके एक के बाद एक कई जमीनों पर कब्जा कर लिया।

ईडी के अधिकारियों ने राज्य पुलिस द्वारा दर्ज की गई 13 एफआईआर के आधार पर इस मामले की जांच शुरू की। ये मामले दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर पुलिस जिले के अंतर्गत सोनारपुर और नरेंद्रपुर पुलिस थानों में, तथा उत्तर 24 परगना जिले के बिधाननगर सिटी पुलिस के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स पुलिस थाने में दर्ज किए गए थे।

इन एफआईआर में व्यापारियों पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है। मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के अनुसार ईडी ने अपनी चार्जशीट में दावा किया है कि अमित गंगोपाध्याय और उनके साथियों ने गरिया और उसके आस-पास की कीमती जमीनों पर कब्जा करने के लिए धोखाधड़ी का एक पूरा जाल बुना था।

आरोप है कि फर्जी 'पावर ऑफ अटॉर्नी', फर्जी बोर्ड प्रस्ताव और विरासत से जुड़े जाली दस्तावेज तैयार करके करोड़ों रुपए की जमीनें हड़प ली गईं। आरोपी पहले 'डेवलपमेंट एग्रीमेंट' और 'पावर ऑफ अटॉर्नी' के जरिए जमीन मालिकों से संपर्क बनाते थे, और फिर इस मौके का फायदा उठाकर जमीन के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेजों में हेरफेर कर देते थे।

सूत्रों ने बताया कि इसके बाद, उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर जमीन के मालिकाना हक और अधिकारों के हस्तांतरण के लिए रजिस्ट्री के कागजात तैयार किए गए, जमीन के रिकॉर्ड में बदलाव कराए गए और दीवानी मामले भी दर्ज किए गए।

ईडी ने अपनी चार्जशीट में इन तीन व्यापारियों द्वारा चलाई गई दो ऐसी योजनाओं का जिक्र किया है, जिनके जरिए यह जालसाजी की गई। पहली योजना के माध्यम से 4.12 करोड़ रुपए की संपत्ति और दूसरी योजना के माध्यम से 71.62 करोड़ रुपए की संपत्ति अवैध रूप से हथियाई गई।

इस साल मार्च में ईडी ने इस मामले में अमित गंगोपाध्याय और दो अन्य आरोपी व्यापारियों के घरों और कार्यालयों में छापेमारी की थी।

अमित गंगोपाध्याय को 15 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया। ईडी ने कहा है कि इस बात का पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि जमीन से जुड़े इस धोखाधड़ी के मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी