×

पश्चिम बंगाल की नई मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनीं नीलम मीणा

 

कोलकाता, 25 मई (आईएएनएस)। निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने सोमवार को 1998 बैच की पश्चिम बंगाल कैडर की आईएएस अधिकारी नीलम मीणा को राज्य का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है।

नीलम मीणा इससे पहले राज्य के उपभोक्ता मामले विभाग में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत थीं। उनके पूर्ववर्ती मनोज कुमार अग्रवाल फिलहाल पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव हैं।

मनोज कुमार अग्रवाल को राज्य के नौवें मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली नई सरकार के गठन के बाद मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने उनके उत्तराधिकारी के चयन के लिए तीन आईएएस अधिकारियों के नाम निर्वाचन आयोग को भेजे थे।

इन तीन नामों में नीलम मीणा सबसे वरिष्ठ अधिकारी थीं। अन्य दो अधिकारियों में 2006 बैच के आईएएस तनमय चक्रवर्ती और 2007 बैच की आईएएस मौमिता गोदारा बसु शामिल थीं। वरिष्ठता के आधार पर मीणा की नियुक्ति पहले से लगभग तय मानी जा रही थी।

निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव राहुल शर्मा ने सोमवार को मनोज कुमार अग्रवाल को पत्र भेजकर निर्देश दिया कि नीलम मीणा को तत्काल प्रभाव से नई सीईओ का कार्यभार सौंपा जाए। पत्र में एक सप्ताह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट भेजने को भी कहा गया है।

मनोज कुमार अग्रवाल, जो 1990 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, मार्च 2025 में पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाए गए थे। इससे पहले वह ममता बनर्जी सरकार में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, वन और आपदा प्रबंधन विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर तैनात थे।

गौरतलब है कि इसी साल मार्च में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के तुरंत बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के निर्देश पर तत्कालीन मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को हटाकर दुश्यंत नारियाला को नियुक्त किया गया था। बाद में नई सरकार के गठन के बाद नारियाला को दिल्ली स्थित पश्चिम बंगाल भवन में रेजिडेंट कमिश्नर बनाया गया और उनकी जगह मनोज कुमार अग्रवाल को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई।

--आईएएनएस

डीएससी