'रील्स गवर्नमेंट' चला रही है सरकार, पूर्व मंत्री राधाकृष्णन की गिरफ्तारी पर डीएमके का हमला
चेन्नई, 3 जुलाई (आईएएनएस)। द्रविड़ मुनेत्र कझगम (डीएमके) ने शुक्रवार को तमिलनाडु सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी ने पूर्व मंत्री और डीएमके नेता अनिता आर. राधाकृष्णन की गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों की अनदेखी कर रही है।
राधाकृष्णन को मद्रास हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत देने से इनकार किए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। उन पर मुख्यमंत्री जोसेफ सी. विजय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है।
यह मामला 20 जून को तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले के ऑथूर में आयोजित एक सार्वजनिक सभा से जुड़ा है। आरोप है कि वहां डीएमके नेता ने विजय के फिल्मी दुनिया से राजनीति में आने और विधानसभा में उनके व्यवहार का मजाक उड़ाया था।
गिरफ्तारी की निंदा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष को दबाने के लिए पुलिस तंत्र का इस्तेमाल कर रही है।
गिरफ्तारी के समय पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन अपने विधानसभा क्षेत्र में निरीक्षण कार्य कर रहे थे, तभी उन्हें हिरासत में लिया गया।
स्टालिन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा,"जो व्यक्ति अपने क्षेत्र में जनता की सेवा और निरीक्षण कार्य में लगा हुआ था, उसे गिरफ्तार करने की इतनी जल्दबाजी क्यों थी? मुख्यमंत्री फिल्मी स्टाइल में पुलिस राज चला रहे हैं।"
डीएमके प्रमुख ने सरकार पर चुनिंदा कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने टीवीके के एक विधायक पर लगे सामूहिक दुष्कर्म के आरोप और राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध जैसे गंभीर मामलों में इतनी तत्परता नहीं दिखाई।
डीएमके नेता और लोकसभा सदस्य कनिमोझी ने भी गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए इसे राजनीतिक डराने-धमकाने की कार्रवाई बताया।
उन्होंने एक्स पर लिखा, "पूर्व मंत्री और डीएमके के तूतीकोरिन दक्षिण जिला सचिव थिरु ए.आर. राधाकृष्णन की गिरफ्तारी की मैं कड़ी निंदा करती हूं। अपने क्षेत्र में निरीक्षण कार्य कर रहे एक विपक्षी विधायक को पूरी तरह अलोकतांत्रिक तरीके से गिरफ्तार किया गया है। डीएमके ऐसे दमनकारी तरीकों के सामने कभी नहीं झुकेगी।"
डीएमके युवा विंग के सचिव उदयनिधि स्टालिन ने भी सत्तारूढ़ टीवीके सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने में तो तेजी दिखाती है, लेकिन तमिलनाडु में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर ध्यान नहीं देती।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए सरकार को "सोफा मॉडल" और "रील्स गवर्नमेंट" बताया और आरोप लगाया कि सरकार सुशासन देने के बजाय राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी