डिजिटल एनबीएफसी ने चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में बांटे करीब 10 करोड़ पर्सनल लोन : रिपोर्ट
नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। डिजिटल एनबीएफसी (नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी) ने वित्त वर्ष 26 के पहले नौ महीनों (अप्रैल से दिसंबर) में 9.9 करोड़ डिजिटल पर्सनल लोन बांटे हैं और इनकी वैल्यू 1,53,260 करोड़ रुपए रही। यह जानकारी मंगलवार को जारी रिपोर्ट में दी गई।
फिनटेक एसोसिएशन फॉर कंज्यूमर एम्पावरमेंट (एफएसीई) की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में बताया गया कि समीक्षा अवधि में डिजिटल एनबीएफसी द्वारा जारी किए गए लोन की कुल पर्सनल लोन वॉल्यूम में हिस्सेदारी 78 प्रतिशत और वैल्यू में 19 प्रतिशत थी।
रिपोर्ट में बताया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में जारी किए गए लोन की वैल्यू में सालाना आधार पर 53 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली है और इसकी वजह टिकट साइज में वृद्धि होना है। हालांकि, पूर्ण एनबीएफसी और बैंकों के औसत टिकट आकार की तुलना में डिजिटल एनबीएफसी का औसत टिकट आकार बहुत कम है, जो क्रमशः लगभग 1 लाख रुपए और 5 लाख रुपए है।
दिसंबर 2025 तक बकाया डिजिटल पर्सनल लोन खातों की संख्या 6.47 करोड़ थी और इन पर 1.39 लाख करोड़ रुपए की राशि बकाया है।
एएसीई के सीईओ सुगंध सक्सेना ने कहा, "डिजिटल पर्सनल लोन बाजार लगातार अपनी स्थिर प्रगति कर रहा है, जो वित्तीय समावेशन और समावेशी एवं लचीले विकास के लिए इसके महत्व को स्थापित कर रहा है। रुझान बताते हैं कि बाजार में पहुंच का विस्तार हो रहा है क्योंकि यह विकास को बनाए रखने और पोर्टफोलियो की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए लगातार रणनीतियों को समायोजित कर रहा है।”
पोर्टफोलियो की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, और 90 दिनों से अधिक बकाया (डीपीडी) वाली संपत्तियां मार्च 2023 में 3.3 प्रतिशत से घटकर दिसंबर 2025 में 1.9 प्रतिशत हो गईं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि फिनटेक क्षेत्र में ऋण वितरण सामान्य रूप से जारी है, जिसमें स्वीकृत राशि का 60 प्रतिशत 35 वर्ष से कम आयु के उधारकर्ताओं को, 18 प्रतिशत महिलाओं को और 39 प्रतिशत टियर 3 शहरों और उससे आगे के ग्राहकों को दिया गया है।
--आईएएनएस
एबीएस/