☰
×

गणेश मूर्ति विसर्जन के दौरान तीन युवकों की डूबने से मौत, सीएम मोहन यादव ने जताया दुख, मदद का भी ऐलान

 

भोपाल, 26 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर में गणेश विसर्जन के दौरान तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि बदनावर में देलची रोड के पास जलाशय में गणेश विसर्जन के दौरान तीन युवाओं के डूबने की हृदय विदारक घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने लिखा, "मेरी संवेदनाएं सभी शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैंने प्रत्येक मृतक युवा के परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।"

उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।

यह हादसा शुक्रवार को गणेश मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ। तीन युवक, पवन उर्फ कान्हा, राहुल और निहाल अन्य दोस्तों के साथ देलची रोड स्थित तालाब पर मूर्ति विसर्जन करने गए थे।

विसर्जन के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने युवकों को पानी से बाहर निकाला और सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है। खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। तहसीलदार सुरेश नगर भी सिविल अस्पताल पहुंचे, घटना की जानकारी ली।

पुलिस मौके पर पहुंची, ग्रामीणों से जानकारी जुटाई, मामला दर्ज किया और डूबने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम